पांचों हलकों में कांग्रेस को लगा झटका
करनाल लोकसभा क्षेत्र के सभी नौ हलकों में कांग्रेस बुरी तरह पिछड़ गई।
जागरण संवाददाता, करनाल लोकसभा चुनाव के परिणाम ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की रिकॉर्ड जीत में पांचों हलकों के मतदाताओं ने अहम योगदान दिया। पांचों जगहों से भारी बढ़त के साथ भाजपा आगे बढ़ी तो यह साफ हो गया कि यहां पर भाजपा का प्रभाव पहले की अपेक्षा ज्यादा बढ़ा है। अब पूरा दबाव कांग्रेस पर आ गया है। अलबत्ता विधानसभा चुनाव से करीब पांच महीने पहले कांग्रेस को अब नए सिरे से धरातल पर काम करना होगा।
पांचों हलकों में हालत कमजोर
पांचों हलकों में कांग्रेस की पकड़ कमजोर है। भाजपा प्रत्याशी ने बड़ी बढ़त ली। घरौंडा हलके में 83116 वोट की बढ़त मिली। नीलोखेड़ी में 63293, करनाल में 79796, इंद्री में 70458 व असंध में 56724 वोट की बढ़त मिली। इन आंकड़ों से जाहिर है कि कांग्रेस चुनौती पेश नहीं कर सकी।
कहीं नजर नहीं आया संगठनात्मक ढांचा
चुनाव में कांग्रेस की बुरी गति की बड़ी वजह यह भी रही कि पार्टी का संगठनात्मक ढांचा कहीं नजर नहीं आया। पार्टी का अपना कोई चुनावी कार्यालय नहीं था और न ही पार्टी कार्यालय है। कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप शर्मा को नामांकन की अंतिम तिथि से ठीक पहले टिकट मिला। इसके बाद ही स्थानीय नेताओं ने कुछ एकजुटता दिखाई। इससे पहले चुनाव के लिए कहीं पर कोई मीटिग या सभा नहीं हुई। वर्करों को एकजुट नहीं किया गया। नतीजा यह रहा कि मतदान के दिन भी कई पोलिग सेंटर के बाहर कार्यकर्ता नहीं दिखे तो केंद्र के अंदर उनके एजेंट भी नहीं थे। कांग्रेस बिना तैयारी के चुनाव में उतरी। बूथ वर्करों पर ध्यान नहीं देने से चुनाव पर पकड़ बेहद कमजोर रही। अब करीब चार महीने बाद विधानसभा चुनाव है। पार्टी को जिला कार्यकारिणी के साथ ही ब्लाक स्तर पर भी संगठनात्मक ढांचा खड़ा करना होगा।