धूमधाम से मनेगा शौर्य दिवस समारोह, सीएम होंगे मुख्य अतिथि
गांव झंझाड़ी स्थित मराठा जागृति मंच के मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए हुए कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।
जागरण संवाददाता, करनाल
गांव झंझाड़ी स्थित मराठा जागृति मंच के मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए हुए कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें पानीपत के कालाआंब में 14 जनवरी 2020 को आयोजित होने वाले शौर्य दिन समारोह की तैयारी के लिए चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष वीरेंद्र मराठा ने की। वीरेंद्र मराठा ने बताया कि पानीपत के तीसरे युद्ध को 259 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हर बार की तरह इस बार भी शौर्य दिन समारोह धूमधाम से मनाया जा रहा है। मराठा ने बताया कि समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। वहीं समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद संजय भाटिया शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इनके अलावा कार्यक्रम में नागपुर के महाराजा श्रीमंत मुधोजी राजे भौंसले, बाजीराव मस्तानी के वंशज श्रीमंत शादाब बहादुर और 15 राज्यों व विदेश से भी मराठा समाज के लोग शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। वीरेंद्र मराठा ने बताया कि 14 जनवरी को सुबह करनाल बलड़ी बाईपास से मराठा सेना शोभायात्रा निकाली जाएगी। इजसमें पानीपत के तीसरे युद्ध से संबंधित झांकियां व हजारों की संख्या में बाइक शामिल होंगी। इस अवसर पर भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष सेवा सिंह आर्य, मास्टर रामकुमार पीटीआइ, नफेसिंह खैंची पानीपत, राजाराम पानीपत, मांगेराम चौपड़े, नर सिंह पूंडरी, कृष्ण कुरूक्षेत्र, हंसराज नीलोखेड़ी, सुरेंद्र घरौंडा, राजबीर खनरा और भागसिंह मधुबन मौजूद रहे।