भाजपा ने शुरू की कोविड-19 रसोई सेवा
सीएम सिटी में करनाल भाजपा ने कोविड-19 रसोई सेवा की शुरुआत कर दी है। इस अभियान के अंतर्गत कोविड अस्पतालों में उपचाराधीन कोरोना मरीज और उसके तिमारदार को भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। करनाल में पार्टी की ओर से तीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। जरूरतमंद व्यक्ति इन नंबरों पर कॉल करके भोजन भेजने का आग्रह कर सकेगा।
जागरण संवाददाता, करनाल: सीएम सिटी में करनाल भाजपा ने कोविड-19 रसोई सेवा की शुरुआत कर दी है। इस अभियान के अंतर्गत कोविड अस्पतालों में उपचाराधीन कोरोना मरीज और उसके तिमारदार को भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। करनाल में पार्टी की ओर से तीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। जरूरतमंद व्यक्ति इन नंबरों पर कॉल करके भोजन भेजने का आग्रह कर सकेगा।
पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल ने कहा कि जहां कम वहां हम भाव को लेकर पार्टी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल एवं प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के मार्ग दर्शन से करनाल में कोविड-19 रसोई सेवा की शुरुआत की है। जो तीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, उनमें 6395037497, 9054756000 व 7404977585 शामिल हैं। एडवोकेट वेदपाल ने कहा कि यदि किसी भी कोविड अस्पताल में कोविड मरीज या उसकी देखरेख करने वाले व्यक्ति को भोजन की आवश्यकता होती है तो वह इन नम्बरों पर भोजन के लिए फोन कर सकता है। भाजपा कार्यकर्ता उन सभी जरूरत मंद लोगों को उनके स्थान पर भोजन पहुंचाने की व्यवस्था करेंगे। इस प्रकार की रसोई सेवा प्रदेश के सभी 22 जिलों में की जाएगी।
एडवोकेट वेद पाल ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी सेवा ही संगठन के नाम से जानी जाती है और कोविड 19 की जो पहली लहर थी, उसमें भी भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं ने कई सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से भोजन व्यवस्था, प्रवासी भाईयों को उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था, मास्क, सैनिटाइजर वितरण व एवं दवाओं आदि के वितरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इस मौके पर मेयर रेणु बाला गुप्ता, मुख्यमंत्री प्रतिनिधि संजय बठला, जिला अध्यक्ष योगेंद्र राणा, जिला सचिव सुनील गोयल, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रवीण लाठर, युवा नेता संकल्प भंडारी, नवीन कुमार एवं डा अशोक कुमार मौजूद रहे।
भोजन के लिए कराना होगा रजिस्ट्रेशन
भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा ने बताया कि कोई कोविड-19 का मरीज या उसकी देखरेख में लगा व्यक्ति भोजन के लिए सुबह छह से 10 बजे तक फोन काल करके भोजन के लिए रजिस्ट्रेशन करवाता है तो उसे दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक भोजन की व्यवस्था करवा दी जाएगी। रात्रि भोजन के लिए शाम चार बजे से छह बजे तक रजिस्ट्रेशन करवाने वाले को शाम 6 से 8.30 बजे के बीच भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कराने वाले को अगले दिन भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा।