आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर यूनियन ने बढ़ाई हड़ताल की अवधि
जागरण संवाददाता करनाल आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर यूनियन ने अपनी हड़ताल पांच फरवरी त
जागरण संवाददाता, करनाल:
आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर यूनियन ने अपनी हड़ताल पांच फरवरी तक बढ़ा दी है। यूनियन ने आंदोलन तेज करने की घोषणा भी की है। इसके तहत दो फरवरी तक धरने प्रदर्शन के अलावा पुतले भी फूंके जाएंगे।
यूनियन नेताओं ने कहा कि 26 जनवरी को प्रदर्शन करके बड़ा तिरंगा लेकर शहीद भगत सिंह, महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस व भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए जाएंगे। 27 जनवरी को काली चुन्नी व काले झंडे लेकर शहर में प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 28 जनवरी को वर्कर व हेल्पर परिवार सहित करनाल में ट्रैक्टर मार्च निकालेंगी। 29 जनवरी को गांवों, कालोनियों व शहर में मंत्री के पुतले फूंके जाएंगे। 31 जनवरी को पीओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। एक फरवरी को डीसी कार्यालय पर प्रदर्शन होगा। दो फरवरी को शहर में मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। मंगलवार को हड़ताल के 49वें दिन सरकार की तानाशाही व वादा खिलाफी के विरोध में वर्कर-हेल्पर फव्वारा पार्क में एकत्रित हुईं।
धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान रूपा राणा ने की व संचालन जिला सहसचिव नीलम ने किया। सीटू जिला प्रधान सतपाल सैनी, जिला सचिव जगपाल राणा, उपप्रधान ओपी माटा, रीना, नीलम, बिजनेश राणा व सुदेश राणा ने कहा कि हरियाणा सरकार आगंनवाड़ी वर्करों व हैल्परों के आन्दोलन को कुचलने के लिए उन्हें नौकरी से बर्खास्त करने और झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है। यह सरकार की बौखलाहट दर्शाता है। इससे आंदोलन कमजोर होने के बजाए और मजबूत होगा। इस अवसर पर सीटू जिला प्रधान सतपाल सैनी, उपप्रधान ओपी माटा, भाग सिंह, सुरेंद्र शर्मा, जगमाल सिंह, अमरजीत कौर, मास्टर बलराज, मूर्ति, सरोज रतनगढ़, उषा सैनी, सरोज बाला, सुदेश राणा, मन्जू बवेजा, नीलम, संगीता, पिकी, रीना, सरोज घरौंडा, सलोचना, सरिता, संतोष, ममता, बबीता व सुनीता ने संबोधित किया।