राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल
अतिरिक्त उपायुक्त अनिश यादव ने 10 फरवरी को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को सफल बनाने के लिए जिला किशोर स्वास्थ्य समन्वय समिति की बैठक ली।
जागरण संवाददाता, करनाल:
अतिरिक्त उपायुक्त अनिश यादव ने 10 फरवरी को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को सफल बनाने के लिए जिला किशोर स्वास्थ्य समन्वय समिति की बैठक ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कार्यक्रम का ज्यादा से ज्यादा प्रचार करें और बच्चों तथा अभिभावकों को बताएं कि एल्बेंडाजोल गोली का कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता। बच्चों के स्वस्थ रहने के लिए यह गोली आवश्यक है। इसके सेवन से पेट में होने वाले कृमि नष्ट हो जाते हैं। 1 से 19 वर्ष की आयु के सभी बच्चो को यह गोली खिलाना सुनिश्चित करें।
अतिरिक्त उपायुक्त ने शिक्षा विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों से कहा कि वह अपने-अपने संस्थानों में इस कार्यक्रम के बारे में पहले से ही सूचना अवश्य भिजवाएं ताकि 10 फरवरी के दिन सभी बच्चो को यह गोली खिलाई जा सके। सिविल सर्जन डॉ. अश्वनी आहुजा ने बताया कि 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाना है। इस दिन 1 से 19 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चो को एल्बेंडाजोल दवाई आंगनवाड़ी केन्द्रों और स्कूलों में निशुल्क वितरित की जाएगी।