दिल्ली में आप की जीत पूरे देश के लिए नजीर : डॉ. गुप्ता
आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी व राज्यसभा सदस्य डॉ. सुशील गुप्ता ने दिल्ली चुनाव में अपनी पार्टी की जीत को पूरे देश के लिए नजीर करार दिया।
जागरण संवाददाता, करनाल : आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी व राज्यसभा सदस्य डॉ. सुशील गुप्ता ने दिल्ली चुनाव में अपनी पार्टी की जीत को पूरे देश के लिए नजीर करार दिया। उन्होंने भाजपा पर जाति-धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए सीधा निशाना साधा तो आप को पूरे हरियाणा में विस्तारित करने का दावा किया।
रविवार को जीटी रोड स्थित होटल में संवाददाताओं से वार्ता में उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव में शानदार जीत के बाद अब पार्टी राष्ट्र निर्माण अभियान के तहत पूरे देश में काम की राजनीति लेकर जाएगी। पूरे हरियाणा को चार जोन में बांटा गया है, जहां 23 मार्च तक गतिविधियां होंगी। केजरीवाल के विकास मॉडल व हरियाणा के मॉडल की तुलना जनता के समक्ष रखी जाएगी। पार्टी द्वारा जारी मोबाइल नंबर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे सदस्यता को गति दी जाएगी। 24 घंटे में ही इस नंबर पर मिस्ड कॉल के जरिए लोग राष्ट्र निर्माण अभियान से जुड़ गए। कई राज्यों में दिल्ली सरकार का विकास मॉडल अपनाया जा रहा है। इनमें मुफ्त बिजली दी जाने लगी है। देश की जनता भाजपा की धर्म जाति आधारित राजनीति से आजिज आ चुकी है। शाहीनबाग प्रकरण हो या विकास का मुद्दा, मोदी सरकार हर मोर्चे पर फेल हुई है। ऐसे में घर-घर जाकर सभी वर्गों को जागरुक करते हुए आप से जोड़ा जाएगा। इस दौरान पार्टी के उत्तरी जोन प्रभारी डॉ. बीके कौशिक, सुखबीर सिंह, प्रिया, कृष्ण अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
पेश किया तुलनात्मक चार्ट
वार्ता में आप नेता डॉ. गुप्ता ने केजरीवाल के विकास मॉडल व हरियाणा मॉडल का तुलनात्मक चार्ट भी पेश किया। इसमें दर्शाया गया कि दिल्ली और हरियाणा में शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, बिजली, यात्रा, महिला सुरक्षा और सरकारी सेवाओं की डोर स्टेप डिलीवरी के लिहाज से कितना अंतर है।