शेड निर्माण के लिए ठेकेदार को वर्क ऑर्डर जारी
नगर परिषद की ओर से नंदीशाला में शेड निर्माण को लेकर ठेकेदार को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। शुक्रवार से नंदीशाला में शेड का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद की ओर से नंदीशाला में शेड निर्माण को लेकर ठेकेदार को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। शुक्रवार से नंदीशाला में शेड का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। शेड पर 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। शेड का निर्माण होने के बाद नगर परिषद पशुओं को पकड़ने का टेंडर लगाएगी। जरूरत के हिसाब से नंदीशाला में पशुओं को छोड़ा जाएगा। दैनिक जागरण के अभियान गोवंश संरक्षित, हम सुरक्षित के कारण नप ने शेड निर्माण का टेंडर लगाया था। अब वर्क ऑर्डर भी जारी हो चुका है। शहर में करीब 700 पशु सड़कों पर हैं। पशुओं के कारण सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। चारे का प्रबंध न होने के कारण पशु कचरे के ढेरों में मुंह मारते रहते हैं। बेसहारा पशुओं की समस्या का नियमित समाधान करने के लिए शहर के सभी गोशाला संचालकों को मनाना होगा। संचालक पशु लेने से मना कर चुके हैं। शहर में मुख्य चार गोशालाएं हैं, जिनमें करीब दस हजार गोवंश है। सभी संचालक पशु लेने के लिए राजी हो जाते हैं तो समस्या का समाधान हो सकता है। अमरगढ़ गामड़ी, अंबाला रोड, ढांड रोड, करनाल रोड, माता गेट पर पशुओं की संख्या ज्यादा है।
वर्जन : पशुओं को पकड़ने का लगाया जाएगा टेंडर
नंदीशाला में शेड निर्माण को लेकर ठेकेदार को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। शेड बनने के बाद बेसहारा पशुओं को पकड़ने का टेंडर लगा दिया जाएगा।
- अशोक कुमार, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद।