जहां मिला घी का जखीरा, वहां पहले था आटा मिल
-तीन दिन में सीएम फ्लाइंग की दूसरी रेड भारी मात्रा में घी बरामद
-तीन दिन में सीएम फ्लाइंग की दूसरी रेड, भारी मात्रा में घी बरामद -फैक्टरी को बंद कर तैयार किया जा रहा था घी जागरण संवाददाता, कैथल : त्योहारी सीजन शुरू होते ही मिलावट खोर भी सक्रिय हो गए हैं। मिलावट का धंधा करने वाले लोग सुनसान जगहों का चयन कर गोदाम बनाते हैं और अवैध रूप से खाद्य पदार्थ तैयार करते हुए शहर और दूसरे जिलों में सप्लाई करते हैं। सीएम फ्लाइंग ने तीन दिन में शहर में दूसरी रेड करते हुए मिलावटी घी की आशंका को लेकर कार्रवाई की। रेड की जानकारी मिलते ही मालिक और काम करने वाले मजदूर मौके से फरार हो गए। टीम ने मौके से 2400 लीटर घी बरामद किया है। तीन सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही घी असली है या नकली इस बारे में जानकारी मिल पाएगी। घी की फैक्टरी चलाने वाले व्यक्ति ने कालोनी की दूसरी गली में एक अन्य बिल्डिग बनाकर गोदाम बनाया हुआ था। यहां खाली बोतलों का भी ढेर लगा हुआ मिला। एक अंदर बने कमरे में घी के डिब्बे रखे हुए थे। इन्हें भी टीम ने कब्जे में लेकर सील कर दिया है। बाक्स-
पहले यहां आटा की फैक्टरी, अब चल रहा घी का धंधा
कालोनी वासियों ने बताया कि पहले यहां आटा की फैक्टरी थी। कई सालों तक यहां आटा फैक्टरी चली। अब दो-ढ़ाई साल से घी की फैक्टरी खोली गई। सुबह सात से आठ बजे के बीच में काम करने वाले मजदूर आते हैं। मालिक इन मजदूरों को फैक्टरी में अंदर भेजकर बाहर वाला ताला लगाने के बाद वापस चला जाता है। इसके बाद शाम के समय ही आता है। यहां घी तैयार कर दूसरी जगहों पर डिब्बे शिफ्ट कर दिए जाते हैं। घी कितने रुपये में बेचा जा रहा है इसे लेकर कोई जानकारी नहीं है। डिब्बों की पैकिग आधा, किलो, किलो, दो और पांच किलो तक की तैयार की जाती है। घी के डिब्बों पर गोपाल घी का मार्का लगाया हुआ है। कालोनी के लोगों ने इस फैक्टरी से कभी भी घी का डिब्बा नहीं खरीदा है। एक व्यक्ति ने बताया कि एक दुकान से वह घी का जोत लगाने के लिए डिब्बा लेकर आया था। मुश्किल से जोत लग पाई। डिब्बे में घी को देखकर ही लगता है मिलावट की हुई है। बाक्स-
दो दिन पहले मिष्ठान भंडार औैर 26 सितंबर को अचार फैक्टरी पर की थी रेड
सीएम फ्लाइंग ने दो दिन पहले ही प्यौदा रोड पर एक मिष्ठान भंडार में रेड करते हुए दूध, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, मिल्क केक सहित अन्य प्रकार की मिठाइयों के सात सैंपल लिए थे। यहां से भारी मात्रा में पनीर, मिल्क पाउडर, रसगुल्ला, गुलाब जामुन को कब्जे में लिया था। वहीं 26 सितंबर को खुराना रोड पर अचार फैक्टरी में रेड की थी। यहां से भी छह सैंपल लिए गए थे। रिपोर्ट आना अभी बाकी है। फूड सेफ्टी ऑफिसर डा. राजीव शर्मा ने बताया कि त्योहारों का सीजन शुरू हो गया। खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए विभाग सैंपलिग कर रहा है।