यूपी की पुरुष टीम ने पंजाब तो दिल्ली महिला टीम ने हिमाचल को हराया
करनाल रोड स्थित महाराजा सूरजमल खेल स्टेडियम में आयोजित स्टार प्रो कबड्डी प्रतियोगिता में देर रात तक कई रोचक मुकाबले हुए।
जागरण संवाददाता, कैथल : करनाल रोड स्थित महाराजा सूरजमल खेल स्टेडियम में आयोजित स्टार प्रो कबड्डी प्रतियोगिता में देर रात तक कई रोचक मुकाबले हुए। प्रतियोगिता के पहले दिन चार मुकाबले खेले गए जिसमें दो मैच लड़कों के व दो लड़कियों के हुए। स्टार प्रो कबड्डी कमेटी की ओर से तीन दिवसीय प्रतियोगिता करवाई जा रही है। प्रतियोगिता का शुभारंभ जाट संस्था के प्रधान इंद्र नौच, प्रवीन प्रजापति, कमेटी के चेयरमैन अशोक गोयल ने किया।
15 राज्यों से करीब 250 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। 16 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें आठ लड़कों की है व आठ लड़कियों की हैं। आयोजकों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के रेफरी प्रतियोगिता के लिए बुलाए हुए हैं। अंतिम दिन विजेता टीमों को दस लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। इस मौके पर डॉ. अश्वनी गोयत, डॉ. विकास गुप्ता, शमशेर, कमेटी के प्रधान मनोज ढुल, देवेंद्र सिंह, सुखबीर, पवन ढुल मौजूद थे। हरियाणवी कलाकारों से बांधा समां
प्रो कबड्डी प्रतियोगिता में मुख्य रूप से लोगों का मनोरंजन करने के लिए हरियाणवी कलाकार आए हुए थे। इन कलाकारों में मुख्य रूप से एनीबी, सन्नी नारु, अनिल धनौरी, सुमन गोस्वामी, ईशिका ठाकुर, ज्योति, नरेश सरसाना, रवि राजपुत पहुंचे हुए थे। कलाकारों ने कबड्डी खेल को लेकर हरियाणवी गीत सुनाए व डांस किया। लोगों ने भी खूब मनोरंजन किया। इसके अलावा प्रतियोगिता में कई प्रो कबड्डी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पहुंचे हुए थे। इनमें सुरेंद्र नाडा, प्रवीन बेरवाल, पवन, नवीन, साहिल मौजूद थे। प्रतियोगिता के परिणाम
लड़कों के 55 किलोग्राम भारवर्ग में यूपी की टीम ने पंजाब की टीम को 39-30 के अंतर से हराया। तमिल की टीम ने झारखंड की टीम को 31-20 के अंतर से हराया। लड़कियों में दिल्ली की टीम ने हिमाचल की टीम को 25-18 के अंतर से हराया। हैदराबाद की टीम ने गोवा की टीम को 25-17 के अंतर से हराया।