दो घंटे हुई बारिश से मौसम हुआ सुहावना
जिले में शनिवार दोपहर हुई तेज बारिश से मौसम सुहावना हो गया। दोपहर 12 बजे शुरू हुई बारिश दो घंटे तक जारी रही। बारिश के बाद पिछले दो दिनों से बड़ी गर्मी और उमस से राहत मिली। जिले में 12.5 एमएम बारिश हुई।
जागरण संवाददाता, कैथल : जिले में शनिवार दोपहर हुई तेज बारिश से मौसम सुहावना हो गया। दोपहर 12 बजे शुरू हुई बारिश दो घंटे तक जारी रही। बारिश के बाद पिछले दो दिनों से बड़ी गर्मी और उमस से राहत मिली। जिले में 12.5 एमएम बारिश हुई। बारिश के साथ ही तापमान में भी साढ़े चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री दर्ज रिकॉर्ड किया गया है, जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.5 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहा। शुक्रवार शाम को भी बूंदाबांदी हुई थीं। उसके बाद शनिवार सुबह उमस बढ़ने लगी थी। दोपहर को हुई बारिश के बाद उमस से राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों के अुनसार अगले दो दिनों तक बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। कृषि महाविद्यालय कौल के डॉ. रमेश वर्मा ने बताया कि अभी अगले दो दिनों तक अच्छी बारिश होने के आसार है।
बेल वाली सब्जियों को नुकसान तो धान के लिए फायदेमंद
कौल के कृषि महाविद्यालय के डॉ. रमेश वर्मा ने बताया कि इस बारिश से बेल में लगने वाली सब्जियों में घीया, तोरी और पेठा को नुकसान होगा, जबकि अन्य सब्जियों सहित धान के लिए यह काफी फायदेमंद साबित होगी। इससे किसानों को काफी फायदा मिलेगा। धान के साथ सब्जियों की पैदावार भी बढ़ेगी।
कई कॉलोनियों में भरा पानी
शनिवार को हुई बारिश से शहर में विभिन्न स्थानों पर जलभराव हुआ। शहर के सभी अंडरपास के साथ ही कोर्ट काप्लेक्स, शक्तिनगर, चंदाना गेट, पुराना अस्पताल, अर्जुननगर, राम नगर, डेहा बस्ती, सपेरा बस्ती, भगत सिंह चौक और माता गेट के क्षेत्र में पानी भर गया। यहां जल भराव के कारण राहगीरों और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।