कोरोना से दो की मौत, छह विद्यार्थी व दो कैदी सहित 107 मिले नए केस
जिले में एक दिन में कोरोना का आंकड़ा पहली बार 100 पार हुआ है। कोरोना काल के शुरू होने के बाद ऐसा पहली बार हुआ है कि जिले में शुक्रवार को सबसे अधिक कुल 107 केस मिले हैं। इसमें कुल छह विद्यार्थी भी शामिल हैं।
जागरण संवाददाता, कैथल : जिले में एक दिन में कोरोना का आंकड़ा पहली बार 100 पार हुआ है। कोरोना काल के शुरू होने के बाद ऐसा पहली बार हुआ है कि जिले में शुक्रवार को सबसे अधिक कुल 107 केस मिले हैं। इसमें कुल छह विद्यार्थी भी शामिल हैं। जबकि जिला कारगर में दो कैदियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है। शुक्रवार को मिले सबसे अधिक केस कैथल शहर में मिले हैं।
इसके अलावा पूंडरी, कलायत और भागल में केस मिले हैं। बता दें कि इससे पहले कभी भी जिले में कोरोना के केसों की संख्या 100 नहीं हुई है। इससे पहले संख्या 95 से 97 ही रही है। वर्तमान में जिले में प्रतिदिन आठ सौ से एक हजार लोगों की सैंपलिग का कार्य हो रहा है।
यही नहीं, शुक्रवार को एक साथ दो मौतें भी हुई है। इसमें चंदाना गेट निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग और गांव खेडी गुलाम अली में 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। जिन्हें सांस की दिक्कत हुई थी। यह दोनों ही हिसार के अग्रोहा मेडिकल कालेज में दाखिले थे। इतने केस मिलना खतरे से खाली नहीं है। ऐसे में लोगों को काफी सतर्कता बरतने की जरूरत है। यदि आगे भी ऐसे ही लापरवाही बरती गई तो काफी नुकसान उठाना पड़ेगा। बता दें कि इससे पहले करीब सात माह पहले अक्टूबर में 90 से अधिक केस मिले हैं।
शुक्रवार को यहां मिले, इतने केस :
शुक्रवार को जिले में कैथल शहर में 26, कलायत में छह, गुहला में छह और चीका व सीवन में तीन-तीन, भागल में नौ, फतेहपुर में पांच और पूंडरी में चार, राजौंद में तीन, मोहना में एक, भजनपुरा में एक, पीडल, ढांड, कैलरम, जांबा, सलेमपुर, मुन्नाहेड़ी, मानस, शिमला, मटौर, बड़सीकरी, पाडला, पाई, क्योड़क, छौत, जांबा, सिरसल, कौल, तितरम, हाबड़ी और खरक पांडवा में एक-एक, रसूलपुर, खेड़ी लांबा और बड़सीकरी में दो-दो केस मिले हैं।
बॉक्स :
अब हर रोज होगा वैक्सीनेशन का कार्यक्रम, 2369 लोगों ने लगवाई :
सरकार के आदेशों के तहत अब हर रोज वैक्सीनेशन कार्यक्रम के तहत टीकाकरण किया जाएगा। शुक्रवार को कुल 37 स्वास्थ्य केंद्रों में 2369 लोगों ने टीका लगवाया है। बता दें कि सबसे अधिक वैक्सीनेशन सरकारी अस्पताल में बनाए गए केंद्रों पर हो रहा है। जबकि निजी अस्पतालों में बहुत कम वैक्सीन हो रहा है। शुक्रवार को कुल 2369 लोगों में 2316 लोगों ने पहली तो 53 लोगों ने दूसरी डोज ली है।
वर्जन : सैंपलिग बढ़ाई गई :
सिविल सर्जन डा. ओमप्रकाश ने बताया कि शुक्रवार को कुल करीब एक हजार लोगों के सैंपल लिए गए है। अब लगातार सैंपलिग बढ़ाने का कार्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा। ताकि कोरोना महामारी से बचा जा सके। ओमप्रकाश ने कहा कि कोरोना महामारी को हराने के लिए सभी लोग जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करते हुए वैक्सीनेशन कार्यक्रम का हिस्सा बनें। इसके साथ ही दो गज की दूरी, मास्क और सैनिटाइजर का भी प्रयोग लगातार करें। ऐसा करने से हम कोरोना महामारी को हराने में सफल हो सकते हैं।