इस बार पूंडरी में खिलेगा भाजपा का कमल : वेदपाल
विधानसभा क्षेत्र पूंडरी से भाजपा प्रत्याशी वेदपाल ने कहा कि मतदाताओं ने 25 साल की निर्दलीयों की गिरदावरी खत्म करने का पूरी तरह से मन इस बार बना लिया है।
संवाद सहयोगी, पूंडरी : विधानसभा क्षेत्र पूंडरी से भाजपा प्रत्याशी वेदपाल ने कहा कि मतदाताओं ने 25 साल की निर्दलीयों की गिरदावरी खत्म करने का पूरी तरह से मन इस बार बना लिया है। अभी तक भाजपा के लिए बंजर साबित हुई पूंडरी की सियासी जमीन में मतदाता पहली बार कमल का फूल खिलाने जा रहे हैं।
चुनाव प्रचार के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए वेदपाल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की लहर है और फिर से पार्टी की सरकार बनना तय है। सीएम मनोहर लाल ने प्रदेश के सभी 90 हलकों में एक समान विकास कार्य करवाए हैं। युवाओं को बिना खर्ची व पर्ची के रोजगार मिल है। किसान, कर्मचारी, व्यापारी, मजदूर व युवाओं के लिए विशेष नीतियां लागू की हैं। वेदपाल ने कहा कि पूंडरी को उपमंडल का दर्जा बहुत पहले मिल जाना चाहिए था, लेकिन यहां से आजाद विधायक चुने जाने के कारण सही से यह मांग रखी नहीं गई।
उन्होंने कहा कि जैसे ही वे चुनाव जीतकर चंडीगढ़ विधानसभा में जाएंगे तो मुख्यमंत्री मनोहर लाल से उपमंडल की मांग पूरी करवाएंगे। उन्होंने कहा कि पूंडरी को उपमंडल का दर्जा तो मिलेगा, साथ में बहुत सारी योजनाएं यहां लेकर आएंगे।
इसी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश से भाजपा विधायक संगीत सोम ने फरल व ट्योंठा गांव में पार्टी प्रत्याशी वेदपाल के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा देश का गौरव बढ़ाया है। लोगों राष्ट्रहित के लिए हमेशा से भाजपा के साथ रहे हैं। पूंडरी विधानसभा में इस बार निर्दलीय नहीं बल्कि भाजपा का कमल खिलने जा रहा है।