भाजपा व कांग्रेस को छोड़ अन्य पार्टियों के टेंट दिखे खाली
विधानसभा चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक दलों की स्थिति देखने के लिए दैनिक जागरण की टीम ने छह मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उम्मीदवारों के कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए गए पंडालों की स्थिति का जायजा लिया गया।
जागरण संवाददाता, कैथल : विधानसभा चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक दलों की स्थिति देखने के लिए दैनिक जागरण की टीम ने छह मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उम्मीदवारों के कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए गए पंडालों की स्थिति का जायजा लिया गया। टीम सबसे पहले साढ़े दस बजे देवीगढ़ स्कूल में बने मतदान केंद्र पर पहुंची। वहां भाजपा और कांग्रेस के टेंट में लोगों का आना जाना लगा हुआ था। इनेलो, लोसपा, सर्वहित पार्टी का तो टेंट ही नहीं था। भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में मतदाताओं को लेकर खींचतान जारी थी। उसके बाद टीम 11 बजकर 10 मिनट पर आइटीआइ में बनाए गए मतदान केंद्र पर पहुंची। वहां भी स्थिति वही थी जो देवीगढ़ स्कूल में थी। हालांकि वहां जजपा के टेंट में कुछ लोग अपने वोट की पहचान कर रहे थे। वहां भी भाजपा और कांग्रेस के टेंटों में ही भीड़ दिखाई दे रही थी। आइटीआइ का बूथ सबसे ज्यादा संवेदनशील रहा। उसके बाद टीम करीब 12 बजे आरकेएसडी कॉलेज में बने मतदान केंद्र पर पहुंची। वहां भाजपा और कांग्रेस व जजपा का टेंट लगा था। इसके अलावा किसी भी पार्टी का टेंट ही नहीं लगा हुआ था। अंत में टीम ने गांव भैणी माजरा, ग्योंग, जगदीशपुरा, कुलतारण, उझाना गांवों का दौरा किया। वहां कुछ स्थानों पर टेंट लगे थे और कुछ स्थानों पर कोई टेंट नहीं लगा था।
कार्यकर्ताओं ने की नियमों की अनदेखी
नियम के अनुसार मतदान केंद्र से 200 मीटर की दूरी पर टेंट लगाया जा सकता था। गांव देवीगढ़, ग्योंग, हुडा सेक्टर-19, क्योडक सहित कुछ जगहों पर कार्यकर्ताओं ने 200 मीटर से कम दूरी पर ही अपने टेंट लगा रखे थे। हालांकि सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन किसी भी पुलिस कर्मचारी ने कार्यकर्ताओं को टेंट हटाने के लिए नहीं कहा। हालांकि इस बार मतदान केंद्र के गेट पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने मतदाताओं के मोबाइल फोन अंदर नहीं जाने दिए। उसके बाद भी कुछ मतदाता फोन अंदर लेकर जा रहे थे।