नंदी शाला में शेड निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी
जिले भर में बेसहारा गोवंश की समस्या गंभीर बनी हुई है। जिला प्रशासन की ओर से इस समस्या के समाधान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
जागरण संवाददाता, कैथल : जिले भर में बेसहारा गोवंश की समस्या गंभीर बनी हुई है। जिला प्रशासन की ओर से इस समस्या के समाधान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। नगर परिषद ने नंदीशाला में शेड निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। शेड पर करीब 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। जल्द ही निर्माण का कार्य भी शुरू हो जाएगा। इसके अलावा किसी भी नगर पालिका की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया है। बेसहारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। चारे का प्रबंध न होने के कारण पशु कचरे के ढेर में मुंह मारने को मजदूर है।
ऋषि नगर, अमरगढ़ गामड़ी, अंबाला रोड और ढांड रोड पर सबसे ज्यादा पशुओं के झुंड रहे हैं। पशुओं के कारण एक महीने में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। सड़क हादसों में कई पशुओं की भी जान जा चुकी है। रात के समय ज्यादा हादसे होते हैं। शहर में करीब 700 पशु हैं। नंदीशाला में शेड बनने के बाद पशुओं को पकड़ने का टेंडर लगाया जाएगा। करीब दो साल से पशुओं को पकड़ने का टेंडर नहीं लगाया गया है।
पशुओं को पकड़ने के लिए टेंडर लगाया जाएगा
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि जल्द ही नंदीशाला में शेड निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। शेड बनने के बाद पशुओं को पकड़ने का टेंडर लगा दिया जाएगा।