झुंड में बैठे रहते बेसहारा गोवंश, शेड के लिए नहीं लगा टेंडर
नगर परिषद की ओर से नंदीशाला में शेड निर्माण को लेकर सोमवार से टेंडर प्रक्रिया शुरू की जानी थी लेकिन नप अधिकारियों ने टेंडर नहीं लगाया।
जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद की ओर से नंदीशाला में शेड निर्माण को लेकर सोमवार से टेंडर प्रक्रिया शुरू की जानी थी, लेकिन नप अधिकारियों ने टेंडर नहीं लगाया। पालिका आयुक्त ने नप अधिकारियों को जल्द से जल्द टेंडर लगाने के निर्देश दिए हुए हैं। उसके बाद भी नप टेंडर लगाने की प्रक्रिया शुरू नहीं कर पाई है। नंदीशाला में शेड के लिए 25 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसका टेंडर लगाया जाएगा और टेंडर खुलने के बाद काम शुरू हो जाएगा।
शेड लगने के बाद बेसहारा गोवंश को जरूरत के हिसाब से नंदीशाला में छोड़ा जाएगा। शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या गंभीर होती जा रही है। दस से 15 पशुओं के झुंड घूमते हैं। दिन के समय से पशु खाली प्लाटों का सहारा लेते हैं और रात को सड़कों पर आकर बैठ जाते हैं। रात के समय हादसे होने की संभावना ज्यादा रहती है। काले रंग के पशुओं के करण हादसे ज्यादा होते हैं।
शहर की समाजसेवी संस्थाएं भी इस समस्या का समाधान करने को लेकर प्रदर्शन कर चुकी हैं। शहर से पशुओं कर संख्या को कम करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। करीब 700 पशु शहर में घूम रहे हैं। एक महीने के दौरान ही तीन लोगों की सड़क हादसों में जान जा चुकी है।
नहीं लग पाया टेंडर
जिला पालिका आयुक्त कुलधीर सिंह ने बताया कि गोशाला में शेड निर्माण को लेकर टेंडर लगाने के निर्देश दिए हुए हैं। टेंडर क्यों नहीं लगाया गया इसके बारे में अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी।