14 जून को पंचकूला में होगी प्रदेश की पहली वर्चुअल रैली : कमलेश ढांडा
महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि 14 जून को पंचकूला में हरियाणा के इतिहास की सबसे बड़ी वर्चुअल रैली का आयोजन किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, कैथल : महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि 14 जून को पंचकूला में हरियाणा के इतिहास की सबसे बड़ी वर्चुअल रैली का आयोजन किया जाएगा। यह प्रदेश के इतिहास में पहली रैली होगी, जिसमें सभी डिजिटल माध्यमों से जुड़ेंगे। रैली के माध्यम से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अनिल जैन, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला आमजन व भाजपा कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। केंद्र सरकार द्वारा एक साल में किए गए विकास कार्यों को लेकर संबोधित करेंगे। शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, संगठन मंत्री सुरेश भट्ट ने मंत्रीगण, सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों से विचार-विमर्श किया गया। ढांडा ने कहा कि केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ पर प्रदेश के इतिहास में पहली आर वर्चुअल रैली से एक नया अध्याय लिखा जाएगा। रैली में प्रदेश के 11 जिले करनाल, पानीपत, यमुनानगर, कैथल, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, सिरसा, हिसार, जींद और फतेहाबाद के लाखों लोग सोशल मीडिया व टीवी के माध्यम से ऑनलाइन जुड़ेंगे। कोरोना के संक्रमण ने पूरी दुनिया को प्रभावित करने के साथ-साथ आमजन के जीवन को भी बदल दिया है। भाजपा ने लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वर्चुअल रैली करने का निर्णय लिया है। यह वर्चुअल रैली साक्षात रैली के स्वरूप जैसी होगी बस इसमें लोग ऑनलाइन और सोशल माध्यम से जुड़ेंगे।