सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी दोपहर में चली तेज हवाएं
वीरवार को सुबह हुई हल्की बरसात ने मौसम को सुहावना कर दिया। उसके बाद दोपहर के समय तक आसमान में बादल छाए रहे और तेज हवाएं चली। शाम के समय धूप निकल आई।
जागरण संवाददाता, कैथल :
वीरवार को सुबह हुई हल्की बरसात ने मौसम को सुहावना कर दिया। उसके बाद दोपहर के समय तक आसमान में बादल छाए रहे और तेज हवाएं चली। शाम के समय धूप निकल आई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शुक्रवार को भी बादलों के साथ हल्की बरसात हो सकती है। इसके अलावा तेज आंधी की भी अधिक संभावना बनी हुई है। बरसात होने से गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। किसानों का कहना है कि नरमे की बिजाई का कार्य जारी है, लेकिन अब बरसात होने से नुकसान हो सकता है। तेज बरसात होने पर किसानों की नरमे की बिजाई प्रभावित हो सकती है। शुक्रवार को मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है।
कृषि विज्ञान केंद्र कैथल के विज्ञानी डा. रमेश चंद वर्मा ने बताया कि मंगलवार का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को भी बरसात होने की संभावना है।
कृषि विभाग के उपनिदेशक कर्मचंद का कहना है कि 15 जून से किसान की पनीरी की बिजाई कर सकते है। वहीं कपास की बिजाई मौसम विभाग से बातचीत के बाद ही करें। किसान अपने खेत की निराई अच्छे प्रकार से कर लें ताकि खरपतवार न बढ़े। मशीनों से ही कपास की बिजाई करें।
बरसात से मौसम हुआ खुशनुमा
संस, सीवन : वीरवार को सुबह हुई बरसात ने मौसम खुशनुमा हो गया है। पिछले कई दिनों से मौसम गर्म था और गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पानी, ठंडे पेय पदार्थ का सहारा ले रहे थे, लेकिन वीरवार की सुबह अचानक से बादल गरज कर आए और मौसम सुहाना हो गया। दिन भर घने बादल छाए रहे।