छह सफाईकर्मी गैरहाजिर, एजेंसी को नोटिस
नगर परिषद की ओर से शहर में रात की सफाई के लिए ठेका दिया हुआ है।
जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद की ओर से शहर में रात की सफाई के लिए ठेका दिया हुआ है। रात की सफाई पर करीब साढ़े छह लाख रुपये महीना खर्च किया जा रहा है। बुधवार को नगर परिषद के सचिव नरेंद्र शर्मा और सफाई निरीक्षक ब्रह्मजीत ने रात की सफाई का निरीक्षण किया। रात दस बजे से 11 बजे तक कर्मचारियों की हाजिरी चेक की गई और कर्मचारियों की वर्दी देखी गई। एजेंसी के 62 कर्मचारी काम करते हैं, जिनमें से छह कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए। तीन कर्मचारी बिना वर्दी के पाए गए। उन कर्मचारियों से वर्दी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने ठेकेदार पर वर्दी न देने का आरोप लगाया। सचिव की ओर से दी कलयाणी को-ऑपरेटिव सोसायटी को स्पष्टीकरण का नोटिस जारी कर दिया है। नोटिस में यह भी लिखा कि गैरहाजिर रहने वाले कर्मचारियों का वेतन काटा जाए और सभी कर्मचारियों को वर्दी दी जाए। कुछ स्थानों पर ठीक से सफाई भी नहीं पाई गई। इस पर एजेंसी के ठेकेदार को ठीक से सफाई कराने के सख्त आदेश दिए हैं। एक सप्ताह पहले भी गैरहाजिर मिले थे 15 कर्मचारी
नगर परिषद के सचिव ने एक सप्ताह पहले भी रात की सफाई व्यवस्था को लेकर निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान 15 कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए थे। मात्र सात कर्मचारी ही वर्दी में मिले थे। एजेंसी को स्पष्टीकरण का नोटिस जारी किया था और दोबारा चेकिग के लिए भी बोला था। दोबारा चेकिग में भी काफी कमियां पाई हैं, जिन्हें दूर करने के सख्त आदेश दिए गए हैं और नोटिस भी जारी किया है। साढ़े छह लाख रुपये महीने का खर्च
नगर परिषद की ओर से साढ़े छह लाख रुपये महीना रात की सफाई पर खर्च किया जा रहा है। कर्मचारी रात आठ बजे से रात 12 बजे तक शहर में सफाई करते हैं। मुख्य रूप से छात्रावास रोड, चंदाना गेट, भगत सिंह चौक, पुराना बस स्टैंड, कबूतर चौक, पिहोवा चौक, मुख्य बाजार में रात को सड़कों की सफाई की जाती है। वर्जन
नगर परिषद के सचिव नरेंद्र शर्मा ने बताया कि रात की सफाई व्यवस्था को लेकर निरीक्षण किया गया था। एजेंसी के छह कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए और तीन कर्मचारी वर्दी में नहीं पाए गए। एजेंसी को स्पष्टीकरण का नोटिस जारी किया गया है। एक सप्ताह पहले भी निरीक्षण किया गया था, जिसमें खामियां मिली थी। हालांकि इस बार पहले से सुधार पाया गया है।