नंदीशाला में तैयार हो रहा गोवंश के लिए शेड
शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ रही है। करीब 700 पशु सड़कों पर घूमते हैं। इस समस्या को लेकर दैनिक जागरण की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, कैथल : शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ रही है। करीब 700 पशु सड़कों पर घूमते हैं। इस समस्या को लेकर दैनिक जागरण की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के बाद ही नप ने नंदीशाला में शेड निर्माण का कार्य शुरू करवाया है। शेड निर्माण पर 25 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं। शेड बनने के बाद बेसहारा पशुओं को पकड़ने का टेंडर लगाया जाएगा। नंदीशाला में करीब 1250 पशु हैं। ऐसे में यहां ओर पशुओं को रखने के लिए शेड का निर्माण होना जरूरी था। शेड बनने के बाद जरूरत के हिसाब से पशुओं को छोड़ा जाएगा। ऋषि नगर, अमरगढ़ गामड़ी, अंबाला रोड, माता गेट, चंदाना गेट, न्यू करनाल रोड पर बेसहारा पशुओं की संख्या ज्यादा है। जिला प्रशासन की ओर से पशुओं के चारे को लेकर कोई व्यवस्था नहीं की गई है। चारा नहीं मिलने के कारण पशु कचरे के ढेरों में मुंह मारने को मजबूर हैं। पशुओं की संख्या ज्यादा होने के कारण सड़क हादसे में बढ़ रहे हैं। रात के समय ज्यादा हादसे होते हैं।
जल्द तैयार हो जाएगा शेड
नंदीशाला में शेड का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। जल्द ही शेड बनकर तैयार हो जाएगा। उसके बाद बेसहारा पशुओं को पकड़कर नंदीशाला में छोड़ दिया जाएगा।
अशोक कुमार, ईओ नगर परिषद।