पराली नहीं जलाने के लिए आमजन को करेंगे प्रेरित
शहर के कमेटी चौक स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया गया। दैनिक जागरण के पराली नहीं जलाएंगे पर्यावरण बचाएंगे अभियान के तहत स्कूल में सेमिनार आयोजित कर विद्यार्थियों को पराली न जलाने के लिए आमजन को प्रेरित करने की शपथ दिलाई।
जागरण संवाददाता, कैथल :
शहर के कमेटी चौक स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया गया। दैनिक जागरण के पराली नहीं जलाएंगे, पर्यावरण बचाएंगे अभियान के तहत स्कूल में सेमिनार आयोजित कर विद्यार्थियों को पराली न जलाने के लिए आमजन को प्रेरित करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी व डाइट प्राचार्य दलीप कुमार ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने आसपास व परिजनों को पराली न जलाने व पराली प्रबंधन के तरीके अपनाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि पराली जलाने के बाद उठने वाले धुएं से वायु प्रदूषण ही नहीं फैलता इससे उठने वाले धुएं से अनेक बार सड़क हादसे भी हो जाते हैं। इस दौरान बच्चों को पराली नहीं जलाएंगे, पर्यावरण बचाएंगे नारों सहित पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। दैनिक जागरण के बैनर तले बच्चों को जागरूक करते हुए पराली न जलाने के शपथ पत्र भी भरे। उन्होंने बच्चों को बताया कि आधुनिक युग में पराली को न जलाकर कृषि यंत्रों की सहायता से भी जमीन को बिजाई के लिए तैयार किया जा सकता है। इससे जुर्माने से भी बचा जा सकता है, वहीं पर्यावरण संरक्षण के लिए भी योगदान मिलेगा। इसलिए अपने परिजनों व आम लोगों को जागरूक कर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को सफल बनाने की अपील करें। जिला की सीमा में फसल अवशेष जलाने पर पाबंदी लगाई है। उन्होंने बताया कि पराली को जलाने से भूमि के मित्र कीट मर जाते है,ं जिससे भूमि की उर्वरक शक्ति कम होने से फसल की पैदावार पर भी प्रभाव पड़ता है।
इस मौके पर स्कूल की प्रिसिपल बिमला सिरोही, स्कूल के राष्ट्रीय स्वयंसेवक अधिकारी अमरजीत सिंह, विजेंद्र धारीवाल, अनीता भल्ला, निर्मला, मंजू तनेजा, पीटीआई ऊषा सैनी, अमीर सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद थे।