दस कर्मचारियों की टीम के साथ वार्ड एक में पहुंचे सफाई निरीक्षक
दैनिक की ओर से वीरवार को वार्ड नंबर एक अर्जुन नगर में जागरण आपके द्वार अभियान के तहत वार्ड की समस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। खबर प्रकाशित होते ही शुक्रवार को नगर परिषद के सफाई निरीक्षक प्रदीप कुमार दस सफाई कर्मचारियों की टीम लेकर वार्ड में पहुंचे।
जागरण संवाददाता, कैथल : दैनिक की ओर से वीरवार को वार्ड नंबर एक अर्जुन नगर में जागरण आपके द्वार अभियान के तहत वार्ड की समस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। खबर प्रकाशित होते ही शुक्रवार को नगर परिषद के सफाई निरीक्षक प्रदीप कुमार दस सफाई कर्मचारियों की टीम लेकर वार्ड में पहुंचे। सबसे पहले अर्जुन नगर गली नंबर तीन के पास पहुंचे, जहां गंदे नाले का पानी सड़क पर बह रहा था। आस-पास के दुकानदारों ने इस समस्या को प्रमुखता से बताया था।
कर्मचारियों की सहायता से गंदा पानी निकाला गया और शनिवार को नाले की सफाई शुरू करवाई जाएगी। बता दें कि गंदा पानी सड़ पर जमा हो चुका था, जिस कारण आस-पास के दुकानदारों का काम प्रभावित हो रहा था। वार्ड की पार्षद किरण भान भी कई बार नप अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रख चुकी थी। इसके बाद वार्ड की अन्य गलियों में जाकर सफाई अभियान भी चलाया गया। लोगों को भी जागरूक किया गया कि वे कचरे को कचरा उठाने वाले वाहन में ही डालें। वार्ड में खराब लाइटों की भी मुख्य समस्या है। इसके समाधान के लिए जल्द ही प्रयास शुरू किया जाएगा। पार्षद ने दावा किया था कि उसके वार्ड में नप की ओर से एक भी सफाई कर्मचारी नहीं दिया गया है। नप अधिकारियों का दावा है कि इस समस्या को लेकर 17 मार्च को होने वाली मीटिग में समाधान कर दिया जाएगा।
समस्या का जल्द होगा समाधान
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बलबीर सिंह ने बताया कि वार्ड एक में सफाई कर्मचारियों की टीम भेजी गई है। खराब लाइट और सफाई कर्मचारियों की समस्या का जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा।