135 गांवों में बनाए जा चुके ग्रामीण युवा मंडल क्लब
जिला खेल विभाग की ओर से गांव में ग्रामीण युवा मंडल क्लब बनाए जा रहे हैं। विभाग ने 135 युवा मंडल क्लब बना लिए हैं। इस कार्य को करने के लिए विभाग ने 18 खेल प्रशिक्षकों की ड्यूटी लगाई हुई है।
जागरण संवाददाता, कैथल : जिला खेल विभाग की ओर से गांव में ग्रामीण युवा मंडल क्लब बनाए जा रहे हैं। विभाग ने 135 युवा मंडल क्लब बना लिए हैं। इस कार्य को करने के लिए विभाग ने 18 खेल प्रशिक्षकों की ड्यूटी लगाई हुई है। खेल प्रशिक्षक फार्म लेकर गांव में पहुंच रहे हैं। उसके बाद पंचायत के सदस्य क्लब का गठन करके विभाग को सूची सौंप रहे हैं। जिले में 277 गांव हैं और विभाग ने सभी गांवों में क्लब बनाने का लक्ष्य रखा हुआ है। क्लब का कार्य गांव में होने वाले सामाजिक कार्यों में भाग लेना, ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक करना, खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए जागरूक करना और प्रशासनिक कार्यों में सहयोग करने का होगा। प्रशिक्षक गांव में जाकर वहां के सरपंच और स्कूल के मुख्याध्यापक से बात करते हैं और क्लब बनाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। खेल विभाग का लक्ष्य हर पंचायत में क्लब बनाने का है। क्लब में 19 सदस्य होंगे और खेल विभाग की ओर से समय-समय पर साहसिक गतिविधियां भी करवाई जाएंगी। खेल विभाग हर रोज क्लब बनाने को लेकर जानकारी खेल मुख्यालय में भेज रहा है।
गांव में ग्रामीण युवा मंडल क्लब बनाने का कार्य चल रहा है। इसके लिए खेल प्रशिक्षकों की ड्यूटी लगाई हुई है। अभी तक 135 गांवों में क्लब बनाए जा चुके हैं। उनका प्रयास रहेगा की जिले के हर गांव में क्लब बनाए जाएं।
- राज यादव, जिला खेल अधिकारी।