कहीं हानिकारक साबित न हो जाए यह बेफिक्री
चंदाना गेट में मंडी स्थापित होने के बावजूद पुरानी सब्जी मंडी में भीड़ जुट रही है। इस कारण यहां पर लॉकडाउन का उल्लंघन हो रहा है। सुबह के समय यहां लोगों की हुजूम उमड़ता ही है। हालांकि मंडी में केवल हॉल सेल में ही सब्जियां बेचने की अनुमति दी गई है।
जागरण संवाददाता, कैथल :
चंदाना गेट में मंडी स्थापित होने के बावजूद पुरानी सब्जी मंडी में भीड़ जुट रही है। इस कारण यहां पर लॉकडाउन का उल्लंघन हो रहा है। सुबह के समय यहां लोगों की हुजूम उमड़ता ही है। हालांकि मंडी में केवल हॉल सेल में ही सब्जियां बेचने की अनुमति दी गई है। जबकि शहर के लोगों को सब्जियां बेचने के लिए 150 से अधिक रेहड़ी वालों को अनुमति दी गई है। उसके बावजूद लोग पुरानी मंडी में सब्जी लेने के लिए पहुंचते हैं। यदि शहर के लोगों की ओर से ऐसे ही बेफिक्री जारी रही तो यह काफी हानिकारक साबित हो सकता है। जो लोग घरों से बाहर निकलते हैं। वह पुलिस को मेडिकल और राशन लेने का बहाना बनाते हैं। इसके चलते पुलिस कर्मी भी उन्हें थोड़ी छूट दे देते हैं।
घरों से बाहर निकल रहे लोग :
लॉकडाउन में जिला प्रशासन की ओर से कोई छूट नहीं दी गई है। इसके बावजूद सुबह और शाम के समय अधिक लोग सड़कों पर घूमते हैं। शहर के कुछ मुख्य स्थानों की बात करें तो लोगों की लापरवाही निरंतर जारी है। शहर के अंदर स्थित गलियों और मोहल्लों में भी लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। पुलिस नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है, लेकिन लोग घरों से बेखौफ होकर निकल रहे हैं। हालांकि जागरुक लोग एक दूसरे से शारीरिक दूरी का भी ख्याल रख रहे हैं। सुबह के समय तो बैंकों के बाहर भी लोगों की अधिक भीड़ रहती है। यहां पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटियां भी लगाई है। बावजूद इसके लोग प्रशासन की ओर से जारी की गई हिदायतों का पालन नहीं कर रहे हैं।
20 अप्रैल को कुछ कार्याें में ढील मिलने के बाद कुछ दुकानदारों ने फ्रिज, कूलर, पंखे और एसी रिपेयरिग, किताबों की दुकानें खोल ली। इसके बाद लॉकडाउन टूटता हुआ दिखाई दिया तो यह दुकानें बंद करने के आदेश अगले दिन ही जारी कर दिए गए। दुकानों के खुलने के बाद बाजारों में भीड़ हुई तो पुलिस भी लोगों को समझाती रही। लोग नहीं समझे तो दुकानें खोलने का फैसला बदलना पड़ा।
प्रशासन की ओर से की गई है सख्ती
सीटीएम सुरेश राविश ने बताया कि जिन लोगों को कोई अधिक जरूरी कार्य है। केवल उन्हीं लोगों को घर से बाहर निकलने की अनुमति है। जिला प्रशासन की ओर से सख्ती की गई है। ताकि लोग नियमों का पालन करें। वे लोगों से अपील करते हैं कि वह घरों में ही रहकर अपनी सुरक्षा करें।