बिजली निगम ने डिफाल्टरों से 31 मार्च तक 1.50 करोड़ रुपये वसूले
शहर में डिफाल्टर हुए उपभोक्ताओं से बिजली बिलों की राशि वसूलने के लिए बिजली निगम में शुरू किया गया वसूली अभियान कोई काम नहीं आया।
जागरण संवाददाता, कैथल : शहर में डिफाल्टर हुए उपभोक्ताओं से बिजली बिलों की राशि वसूलने के लिए बिजली निगम में शुरू किया गया वसूली अभियान कोई काम नहीं आया। इस अभियान में दो एसडीओ की निगरानी में टीमों का गठन किया गया था, जिसमें चार जेई व 15 लाइनमैन भी शामिल रहे थे। यह अभियान 31 मार्च तक जारी रहा था। इस अभियान के तहत शहर में से कुल तीन करोड़ रुपये में 1.50 करोड़ रुपये की ही राशि वसूल हो पाई है। जबकि अन्य राशि वसूल करना बाकी है।
अभियान के तहत काटे 50 कनेक्शन, बिल भरने पर लगाए :
बता दें कि निगम के अधिकारियों द्वारा शुरू किए गए बिल वसूली के अभियान में शहर में 50 कनेक्शन भी काटे गए थे। इसमें कुल 20 लाख रुपये का बकाया था।
अभियान के तहत इस 20 लाख रुपये की बिजली बिल की राशि उपभोक्ताओं द्वारा भर दी गई थी। इसके बाद उनके कनेक्शन दोबारा लगा दिए गए थे। अब नए सिरे से डिफाल्टर हुए उपभोक्ताओं को बिजली बिलों की राशि वसूलने के लिए कार्य किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि शहर में करीब डेढ लाख कुल बिजली के कनेक्शन हैं।
नए सिरे से वसूली किया जाएगा
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसडीओ सत्यवान नैन ने बताया कि निगम के आला अधिकारियों के आदेशों के तहत 31 मार्च तक बिजली बिलों की राशि वसूलने के तहत कुल 1.50 करोड़ रुपये की राशि वसूल की गई है। इसमें कुल तीन करोड़ रुपये की राशि वसूलने का लक्ष्य था। जो राशि शेष रह गई है। उसमें अब नए सिरे से योजना बनाकर उसे वसूली किया जाएगा।