बरसात से लोगों को गर्मी और उमस से राहत
रविवार सुबह हुई बरसात के बाद मौसम सुहाना हो गया है। वहीं दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज हुई है।
जागरण संवाददाता, कैथल:
रविवार सुबह हुई बरसात के बाद मौसम सुहाना हो गया है। वहीं दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। पूरा दिन सूर्यदेव बादलों में छिपे नजर आए। सुबह के समय तेज हवा चलने के कारण वाहन चालकों को सफर करने में परेशानी हुई। अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। कृषि विज्ञान केंद्र के विज्ञानी रमेश वर्मा ने बताया कि तापमान में आए बदलाव से बरसात होने की संभावनाएं नजर आ रही है। दो दिनों से आसमान में बादल भी दिखाई दे रहे हैं। सोमवार सुबह तक बरसात हो सकती है। शनिवार रात से ही आसमान में बादल नजर आ रहे हैं। इन दिनों धान का सीजन चला हुआ है। किसानों को उम्मीद थी कि अच्छी बरसात होगी, लेकिन बादल बिना बरसात ही चले गए। कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी होने से लोगों को उमस से राहत मिली। अधिकतम और न्यूनतम तापमान कम होने से लोगों की परेशानी कम हुई। इस मौसम से सब्जियों की फसल को फायदा है।