पूंडरी अब विकास में होगा अव्वल : वेदपाल
भाजपा प्रत्याशी वेदपाल ने कहा कि पूंडरी क्षेत्र की जनता उन्हें विधायक बनाने का मन बना चुकी है। शुक्रवार को पबनावा गांव के लोगों ने खुलकर समर्थन किया।
संवाद सहयोगी, पूंडरी : भाजपा प्रत्याशी वेदपाल ने कहा कि पूंडरी क्षेत्र की जनता उन्हें विधायक बनाने का मन बना चुकी है। शुक्रवार को पबनावा गांव के लोगों ने खुलकर समर्थन किया। गांव के बुजुर्गों ने कहा कि यह हमारे गांव का सम्मान है कि इस बार राष्ट्रीय पार्टी का प्रत्याशी हमारे गांव का दामाद है। वेदपाल ने ढांड से चुनावी प्रचार अभियान शुरू किया। इसके बाद उन्होंने हजवाना गांव में जनसंपर्क किया। पबनावा के युवकों ने मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ उनकी अगवानी की और सभा स्थल तक लेकर गए। वेदपाल ने कहा कि पूंडरी हलके के में जो विकास कार्य होना चाहिए था वह आज तक नहीं हुआ लेकिन अब की बार ऐसा नहीं होगा। इस बार पूंडरी में विकास की बयार बहेगी क्योंकि पूंडरी की जनता भाजपा की नीतियों से खुश है। यहां के लोगों का भाजपा में पूर्ण विश्वास है क्योंकि भाजपा ने बीते पांच सालों में प्रदेश के लोगों का दिल जीता है। पूरे प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है। भाजपा अपने 75 प्लस के आंकड़े को पार करते हुए जोरदार ढंग से सरकार बनाने जा रही है। आने वाली 21 तारीख को पूंडरी हलके की जनता को विकास पर मोहर लगानी चाहिए। पबनावा गांव के ग्रामीणों ने दोनों हाथ उठाकर वेदपाल एडवोकेट को अपना समर्थन दिया। यहां से निर्दलीय विधायक बनते आए हैं, इस कारण क्षेत्र विकास से दूर है। भाजपा का यहां से विधायक होगा तो विकास की गंगा बहेगी। इस मौके पर बलकार गोलन, पूर्व सरपंच ओमप्रकाश, नसीब मधुर, बूरा राम, पाला राम, रोशन लाल, धर्मपाल, सुखबीर, सुनील, जीता राम मौजूद थे। ---------