पीपीपी की साइट हुई धीमी, छुट्टी के दिन भी होगा काम
नगर परिषद की ओर से लोगों के परिवार पहचान पत्र बनाने का कार्य लगातार जारी है। 31 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाकर पीपीपी बनाए जा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद की ओर से लोगों के परिवार पहचान पत्र बनाने का कार्य लगातार जारी है। 31 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाकर पीपीपी बनाए जा रहे हैं। दो दिन से साइट धीमी होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। पहले 10 से 15 मिनट में एक परिवार की पीपीपी बन जाती थी, लेकिन अब 40 से 50 मिनट का समय लग रहा है। शहरी क्षेत्र में करीब 27 हजार परिवारों की जानकारी अपडेट की जा चुकी है। अब इस कार्य में आंगनबाड़ी वर्कर्स भी सहयोग करेंगी। शहरी क्षेत्र में 101 वर्कर्स हैं। सभी को वार्ड के हिसाब से उन परिवारों की लिस्ट दी जाएगी, जिन्होंने पहचान पत्र नहीं बनवाए हैं। इनके अलावा सक्षम युवा भी वार्डों में जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। शहर में अनुमानित 40 हजार परिवार हैं। सरकार की ओर से पीपीपी बनवाना अनिवार्य किया जा रहा है। विभिन्न विभागों में सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए भी इसे जरूरी किया जा रहा है। अब 25 से 27 दिसंबर तक छुट्टी हैं, लेकिन पीपीपी बनाने का कार्य जारी रहेगा। नप ने सात काउंटर लगाए हुए हैं। तीन नप कार्यालय, दो जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय और दो हुडा सेक्टर 19 के राजकीय स्कूल में चल रहे हैं।
लोगों को किया जा रहा है जागरूक
नप लेखाकार अधिकारी साहब राम ने बताया कि पीपीपी बनाने का कार्य लगातार जारी है। छुट्टी के दिन भी नप की ओर से लगाए गए काउंटर खुले रहेंगे। वार्डों में जाकर लोगों को इस बारे में जागरूक भी किया जा रहा है।
राजौंद के 13 वार्डों में 2 हजार 60 लोगों के परिवार पहचान पत्र बने
संस, राजौंद: नगर पालिका स्टाफ द्वारा नगर के 13 वार्डों में परिवार पहचान पत्र बनाने का कार्य प्रगति पर चल रहा है। नगरपालिका कर्मचारियों द्वारा प्रतिदिन लगी रहने के कारण प्रतिशत इस कार्य को पूरा कर लिया गया है। नगरपालिका सचिव अशोक कुमार ने बताया कि इस कार्य में लगे कर्मचारी प्रतिदिन परिवार पहचान पत्र बना रहे हैं, वही राजौंद के 13 वार्डों में 2060 लोगों के पहचान पत्र परिवार पहचान पत्र बन चुके हैं, जबकि 290 लोगों के परिवार पहचान पत्र शेष रह गए हैं। उन्होंने बताया कि इन पर भी जल्दी ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा। बताया की 31 दिसंबर तक यह कार्य पूरा कर लिए जाएगा।