नेशनल टेनिस बॉल क्रिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर किया सम्मानित
जिला टेनिस बॉल क्रिकेट संघ द्वारा एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में संघ के उप प्रधान राज कमल ढांडा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला टेनिस बॉल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष जतिन सैन ने की।
संवाद सहयोगी, सीवन : जिला टेनिस बॉल क्रिकेट संघ द्वारा एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में संघ के उप प्रधान राज कमल ढांडा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला टेनिस बॉल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष जतिन सैन ने की। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन शुभम चित्रा के सम्मान में किया गया है। जिसने 20 मार्च से कन्या कुमारी में आयोजित 31वीं नेशनल टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लिया था। इस खिलाड़ी ने प्रदेश की टीम में भाग लिया।
उन्होंने कहा कि शुभम चित्रा का खेल बहुत अच्छा रहा। सीवन और जिला कैथल के लिए यह गौरव की बात है कि यहां का खिलाड़ी प्रदेश की टीम में खेला है। इस मौके पर दीपक कुमार, सुरेंद्र पीटीआइ, लव चित्रा, कुलदीप सिंह, जोनी, कमल कुमार एडवोकेट मौजूद रहे।
पंजाबी सेवा सदन ने जरूरतमंदों में राशन किया वितरित
जागरण संवाददाता, कैथल : पंजाबी सेवा सदन परिसर में संस्था द्वारा जरूरतमंद परिवारों के लिए राशन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदन के प्रधान प्रदर्शन परुथी ने की। परुथी ने बताया कि संस्था हर माह आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सूखा राशन उपलब्ध करवाती है। इसमें रसोई की जरूरत की सामग्री, आटा और चावल शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि संस्था आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा सदन परिसर में दी जा रही है। 50 बच्चे कल्पना चावला शिक्षा सम्मान योजना के तहत पढ़ाने के लिए चयनित किए गए हैं, जिनकी पढ़ाई का खर्चा संस्था वहन करेगी। परुथी ने बताया कि 13 अप्रैल को सुबह 10 बजे जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड वैक्सीन कैंप पंजाबी सेवा सदन परिसर में लगाया जाएगा। पंजाबी सेवा सदन के सामाजिक कल्याण योजना के संयोजक चंद्रशेखर नरूला ने कहा कि सदन द्वारा राशन वितरण कार्यक्रम जारी रहेगा। इस मौके पर मुख्य संरक्षक दर्शन लाल मनचंदा, ओमप्रकाश दुआ, सुभाष कथूरिया, सरदार गुरनाम सिंह गोराया, यश तनेजा, अरविद चावला, मनोज कुर्रा मौजूद रहे।