गर्मी व तेज धूप से लोगों का हाल बेहाल, तापमान पहुंचा 40 डिग्री
भीषण गर्मी व तेज धूप के कारण लोगों का हाल बेहाल हो गया है। खासकर इस गर्मी में छोटे बच्चों की परेशानी बढ़ गई है। दोपहर के समय तो लोग घरों में दुबके रहने पर मजबूर हो रहे हैं।
जागरण संवाददाता, कैथल:
भीषण गर्मी व तेज धूप के कारण लोगों का हाल बेहाल हो गया है। खासकर इस गर्मी में छोटे बच्चों की परेशानी बढ़ गई है। दोपहर के समय तो लोग घरों में दुबके रहने पर मजबूर हो रहे हैं। गर्मी के मौसम में लोग ठंडे पेय पदार्थो का सहारा ले रहे हैं। भीषण गर्मी के इस मौसम में लोगों की दिनचर्या पूरी तरह से प्रभावित हो गई है। सुबह व शाम के समय ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी ज्यादा होने के कारण उल्टी, दस्त की बीमारियां भी बढ़ने लगी है। इस गर्मी के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चे नहरों व माइनरों का सहारा ले रहे हैं। पिछले तीन दिनों से सुबह नौ बजते ही सूर्य देव के तीखे तेवर दिखाई देना शुरू हो जाते हैं। दोपहर होते-होते गर्म हवाएं चल रही। इस कारण लोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे है। दोपहिया वाहन चालकों को सफर करने में परेशानी हो रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
ठंडे पेय पदार्थों की बढ़ी मांग
गर्मी बढ़ने के बाद ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है। बढ़ते तापमान से परेशान लोगों ने गर्मी से बचने के लिए कोल्ड ड्रिक, ठंडी लस्सी, गन्ना का जूस, आइसक्रीम आदि का सेवन करना शुरू कर दिया है। इस प्रचंड गर्मी में लोग नींबू का शरबत, शिकंजवी, इत्यादि ठंडी चीजें पीकर शरीर को ठंडक प्रदान कर रहे हैं।
गर्मी से बचने के लिए सावधानियां बरते
डाक्टर प्रदीप नागर ने बताया कि मौसम में रोजाना बदलाव आ रहा है। गर्मी बढ़ रही है। इससे स्वयं को बचाएं एवं अन्य लोगों को भी इससे बचने की सलाह दें। गर्मी से बचाव तथा इसके प्राथमिक इलाज के लिए सावधानियां रखना आवश्यक है। गर्मी के दिनों में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले कपड़ों का प्रयोग करें। बिना भोजन किए बाहर न निकलें। भोजन करके एवं पानी पीकर ही बाहर निकले। गर्मी के मौसम में गर्दन के पिछले भाग कान व सिर को गमछे या तौलिये से ढककर ही धूप में निकले। रंगीन चश्मा व छतरी का प्रयोग करें। गर्मी में हमेशा पानी अधिक मात्रा में पीए। जहां तक संभव हो, ज्यादा समय तक धूप में खड़े होकर व्यायाम न करें। दरवाजे एवं खिड़कियां बंद रखें एवं रात में तापमान कम होने के समय खिड़कियां दरवाजे खोले जा सकते हैं। 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों, 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग एवं अन्य गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों का विशेष रूप से ध्यान रखें।
धान की पनीरी का विशेष देखभाल करें
आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी। कपास व धान की पनीरी का विशेष देखभाल करें। नरमा कपास को विशेषकर ध्यान रखें। मौसम विज्ञानियों से बातचीत कर ही फसलों की बिजाई करें। सब्जी की फसल का गर्मी में खराब होने का सबसे ज्यादा खतरा रहता है। इस का विशेषकर ध्यान रखें।
रमेश चंद्र , कृषि विज्ञान केंद्र मुख्य विज्ञानी, कैथल