आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने एसडीएम के सामने रखी सेवा बहाली की मांग
सरकारी अस्पताल में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का धरना जारी है। कर्मियों ने हरियाणा स्वास्थ्य विभाग महानिदेशक को सेवा बहाली के लिए पत्र लिखा। सर्व कर्मचारी संघ और सीटू के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुराना ठेका 26 अप्रैल 2021 को समाप्त हो गया था।
संवाद सहयोगी, कलायत : सरकारी अस्पताल में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का धरना जारी है। कर्मियों ने हरियाणा स्वास्थ्य विभाग महानिदेशक को सेवा बहाली के लिए पत्र लिखा। सर्व कर्मचारी संघ और सीटू के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुराना ठेका 26 अप्रैल 2021 को समाप्त हो गया था। उसके बाद से कर्मचारियों की हाजिरी नहीं लगाई जा रही हैं, जबकि अनुभव के आधार पर उन्हें सेवा पर रखना जरूरी है। प्रदर्शनकारियों ने कलायत एसडीएम वीरेंद्र सिंह से भी सेवा बहाली की फरियाद लगाई। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में उन्होंनें संजीदगी से अपने कर्तव्य का निर्वहन किया है। रोजगार छीन जाने के कारण प्रभावित कर्मियों के परिवार संकट में हैं। कर्मचारी नेता सुरेश उचाना, सीटू नेता सत्यवान कामरेड, रमेश कोलेखां, दलवीर सिंह, कर्मजीत सिंह ने प्रशासन से हटाए गए कर्मियों की तत्काल प्रभाव से सेवा बहाल करने की मांग की। मांगों को लेकर डीसी और जिला सिविल सर्जन को भी अवगत करवाया गया है।
ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत से आउटसोर्सिंग कर्मी की नहीं लग रही हाजिरी
संवाद सहयोगी, सीवन : आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने अपनी मांग को लेकर धरना पर बैठे। मंच का संचालन जिला संयोजक मंगत राम ने किया। उन्होंने कहा कि लगातार आउटसोर्सिंग कर्मचारी निरंतर अपनी सेवा दे रहे हैं, लेकिन किसी भी कर्मचारी कि हाजिरी नहीं लगाई जा रही। उन्होंने बताया सात मई को भी अपनी मांग को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। ठेकेदार व अधिकारियों की मिलीभगत के कारण अभी तक लिस्ट जारी नहीं की गई और न ही हाजिरी लगाई जाती है।
आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का कहना है अगर प्रशासन इन मुद्दों पर कार्रवाई नहीं करता तो आउटसोर्सिंग कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। इसकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की होगी। आउटसोर्सिंग कर्मचारी अपनी पूरी ईमानदारी से ड्यूटी कर रहे हैं, यहां तक कि अपनी जान की परवाह भी नहीं कर रहे है। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व आशा वर्कर ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया। इस अवसर पर सतीश, जोगिद्र, जसवीर, लाभ सिंह, विवेक, विकास, मंगत राम, रणबीर मलिक, भोला, गुरुदेव, विकास, गुरजीत, मुकेश, रमा मौजूद थी।