जिला जेल में लोक अदालत आयोजन मामलों का किया गया निपटारा
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश कत्याल के निर्देशानुसार वीरवार को जिला जेल में लोक अदालत का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, कैथल: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश कत्याल के निर्देशानुसार वीरवार को जिला जेल में लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी दानिश गुप्ता ने की। लोक अदालत में विभिन्न अदालतों में लंबित चार मुकदमे रखे गए, जिसमें से एक मामले का निपटारा किया गया। इसके साथ ही उन्होंने विधिक सेवा द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। विधिक सेवा में महिलाओं, बच्चों, अनुसूचित जाति, जनजाति के लोगों, औद्योगिक श्रमिकों, आपदा पीड़ितों, दिव्यांग व्यक्तियों, ऐसे व्यक्ति जिनकी सालाना आय तीन लाख रुपये से कम हो और अवैध मानव व्यापार के शिकार लोगों के लिए मुफ्त कानूनी सहायता का प्रावधान किया गया है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन नंबर 01746-235759 पर किसी भी तरह की कानूनी या सामाजिक समस्या के बारे में भी बात कर सकते हैं।
आश्वासन के बाद भी मांगें पूरी नहीं कर रहा प्रशासन : सुभाष
जासं, कैथल : वन विभाग मजदूर यूनियन का अनिश्चितकालीन धरना वन मंडल अधिकारी कार्यालय पर 58वें दिन जारी रहा। धरने की अध्यक्षता जिला उपप्रधान सुभाष और मंच संचालन प्रवीन कुमार ने किया। सुभाष ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर वन मजदूर लगातार धरना दे रहे हैं। वन मंडल अधिकारी मांगों को पूरा करने की बजाय मजदूरों को गुमराह कर रहे हैं। उन्हें आश्वासन ही दिया जा रहा है, लेकिन मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। नियमित होने के पात्र मजदूरों को पक्का किया जाए। साल 2018 से 2020 तक बढ़ी हुई मजदूरी का एरियर दिया जाए। मांगों को लेकर डीसी को भी ज्ञापन दिया जा चुका है। अगर जल्द ही उनकी सभी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। इस मौके पर सुरेश, प्रेम, रोशन, हरिराम मौजूद थे।