शिक्षा से ही हम सपने पूरे कर सकते हैं : गोलन
हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन रणधीर गोलन ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही हम अपने सपने पूरे कर सकते हैं। जीवन को नई दशा और दिशा दे सकते हैं। बिना शिक्षा के हम कुछ भी मुकाम हासिल नहीं कर सकते।
संवाद सहयोगी, पूंडरी: हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन रणधीर गोलन ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही हम अपने सपने पूरे कर सकते हैं। जीवन को नई दशा और दिशा दे सकते हैं। बिना शिक्षा के हम कुछ भी मुकाम हासिल नहीं कर सकते। आज की पीढ़ी का बिना पढ़े-लिखे भला नहीं हो सकता। शिक्षा से ही रोजगार के अवसरों का सृजन होता है। आज वही देश सबसे ताकतवरों की श्रेणी में आता है, जिसके पास ज्ञान की शक्ति है। शिक्षा ही से व्यक्ति उन्नति के शिखर पर पहुंच सकता है। बड़े से बड़ा पद एवं सम्मान संस्कार और शिक्षा से ही लिया जा सकता है। रणधीर गोलन गांव फरल के गुरु नानक पब्लिक स्कूल में प्रथम विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शिक्षा ही हमारे ज्ञान का सृजन करती है। आधुनिकीकरण सामाजिक-सांस्कृतिक परिवर्तन की एक प्रक्रिया है। यह मूल्यों, मानदंडों, संस्थानों और संरचनाओं को शामिल करने वाली परिवर्तन की श्रृंखला है। एक स्थिर समाज में, शैक्षिक प्रणाली का मुख्य कार्य सांस्कृतिक विरासत को नई पीढि़यों तक पहुंचाना है। लेकिन एक बदलते समाज में, इसका स्वरुप पीढ़ी-दर-पीढ़ी बदलते रहता हैं और ऐसे समाज में शैक्षणिक व्यवस्था को न केवल सांस्कृतिक विरासत के रुप में लेना चाहिए, बल्कि युवा को उनमें बदलाव के समायोजना के लिए तैयार करने में भी मदद करनी चाहिए। चेयरमैन रणधीर गोलन ने ग्रामीणों द्वारा जितनी भी मांगे रखी, उन सबको समयबद्ध पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 36 बिरादरी की वजह से हलके में कार्य करने का मौका मिला है। हलके के सभी गांवों में हर वर्ग का ध्यान रखते हुए विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में शहरी तर्ज पर विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के ने करोड़ों रुपये हलका के लिए मंजूर किए गए हैं, जिससे क्षेत्र में अनेक विकासात्मक कार्य चल रहे हैं। इस मौके पर कुलदीप, अनिल आर्य, रणवीर आर्य, अमित कोटला, गुलाब सिंह, राजेश कुमार एवं प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के सदस्य एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।