बैंक कर्मचारी बता खाता से निकाले 75 हजार
बैंक कर्मचारी बता एक व्यक्ति के बैंक खाता से 75 हजार रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में तिवाड़ी मोहल्ला निवासी नवीन अग्रवाल ने बताया कि उसका बैंक खाता तलाई बाजार स्थित एसबीआइ की शाखा में है। 14 सितंबर की सुबह उसके पास फोन पर किसी ने कहा कि वे करनाल से बैंक कर्मचारी विकास बोल रहा है, उसका कार्ड ब्लॉक होने जा रहा है।
जागरण संवाददाता, कैथल :
बैंक कर्मचारी बता एक व्यक्ति के बैंक खाता से 75 हजार रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में तिवाड़ी मोहल्ला निवासी नवीन अग्रवाल ने बताया कि उसका बैंक खाता तलाई बाजार स्थित एसबीआइ की शाखा में है। 14 सितंबर की सुबह उसके पास फोन पर किसी ने कहा कि वे करनाल से बैंक कर्मचारी विकास बोल रहा है, उसका कार्ड ब्लॉक होने जा रहा है। इसलिए अपने कार्ड की डिटेल्स बता दो। उक्त व्यक्ति की बातों में आकर उसने कार्ड के बारे में जानकारी दे दी। कुछ देर बाद उसके बैंक खाता से 75 हजार रुपये निकल गए। बैंक में जाने के बाद उसने जानकारी हासिल की तो इस बारे में पता चल पाया। मामले की शिकायत सिटी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रांसफार्मर का सामान और
बाइक चोरी, केस दर्ज
कैथल : पुलिस ने ट्रांसफार्मर व मोटरसाइकिल चोरी करने के दो मामलों में चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पहले मामले में पुलिस को दी शिकायत में पूंडरी बिजली निगम के एसडीओ ने आरोप लगाया कि चोर चार ट्रांसफार्मरों से लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मौके का दौरा किया। पुलिस ने चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरे मामले में पुलिस को दी शिकायत में सुभाष नगर निवासी नीरज ने आरोप लगाया कि चोर 10 सितंबर की रात को उसका मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
महिला का अपहरण, केस दर्ज
कैथल : राजौंद क्षेत्र के एक गांव से महिला का अपहरण करने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि 14 सितंबर को वह घर से बाहर गया था, पीछे से अज्ञात व्यक्ति उसकी पत्नी का अपहरण कर ले गया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरे मामले में शहर की एक कालोनी निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि 29 अगस्त को उसका पति घर से कहीं चला गया, लेकिन वापस नहीं आया। उन्हें आशंका है किसी ने उसका अपहरण कर लिया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इसी प्रकार क्योड़क गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 17 साल का लड़का अंकुश रोजाना की तरफ 13 सितंबर को स्कूल में गया था, लेकिन वापस नहीं आया है। पुलिस ने अपहरण की आशंका जताने पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।