नहीं चली साइट, परिवार पहचान पत्र के लिए छुट्टी के दिन भी दफ्तर खुले
दो दिनों से परिवार पहचान पत्र की साइट धीमी चल रही थी। शुक्रवार को दिनभर साइट बंद रही जिस कारण लोगों के पीपीपी अपडेट नहीं हो सके।
जागरण संवाददाता, कैथल : दो दिनों से परिवार पहचान पत्र की साइट धीमी चल रही थी। शुक्रवार को दिनभर साइट बंद रही, जिस कारण लोगों के पीपीपी अपडेट नहीं हो सके। नप की ओर से छुट्टी के दिन भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई हुई थी। साइट नहीं चलने के कारण लोगों को भी कई-कई चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इस कार्य के लिए नप कार्यालय, जन स्वास्थ्य विभाग और हुडा सेक्टर-19 स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में काउंटर लगाए हुए हैं। शनिवार और रविवार के दिन भी डाटा अपडेट करने का कार्य जारी रखा जाएगा। नप की ओर से 31 दिसंबर तक यह कार्य किया जाएगा। शहर में करीब 40 हजार परिवार हैं, जिनमें से करीब 27 हजार परिवारों का डाटा अपडेट हो चुका है। अब साइट नहीं चलने के कारण काम अटक गया है। इस कारण छुंट्टी के दिन भी नगर परिषद का दफ्तर खुला रहा।
जिला प्रशासन की ओर से सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए पीपीपी को अनिवार्य किया जा रहा है। अब छह दिन में 13 हजार परिवारों की जानकारी अपडेट करना आसान नहीं होगा। शहर के लोग भी इसको लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। सक्षम युवा वार्डों में जाकर जागरूक कर रहे हैं, लेकिन उसके बाद भी कम संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
नहीं चल रही साइट
नगर परिषद के लेखाकार अधिकारी साहब राम ने बताया कि पीपीपी की साइट ठीक से नहीं चल रही है, जिससे सुचारू रूप से कार्य नहीं हो पा रहा है। लोगों की सुविधा के लिए छुट्टी के दिन भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई हुई है।