चंदाना गेट से अस्थायी मंडी हटाई
मार्केट कमेटी की ओर से लॉकडाउन में सब्जी मंडी का स्थान बदलकर चंदाना गेट पर बनाया गया था। अब दोबारा नई सब्जी मंडी में ही इसे दोबारा शिफ्ट कर दिया है।
जागरण संवाददाता, कैथल :
मार्केट कमेटी की ओर से लॉकडाउन में सब्जी मंडी का स्थान बदलकर चंदाना गेट पर बनाया गया था। अब दोबारा नई सब्जी मंडी में ही इसे दोबारा शिफ्ट कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यहां पर अधिक भीड़ लगती थी। जिस कारण अब पहले ही तरह सुबह पांच से नौ बजे का समय मंडी के लिए फिक्स कर दिया गया है। यहां पर आम लोगों के आने के लिए प्रतिबंध रहेगा। फड़ीवाले ही यहां से सब्जी खरीद सकेंगे। कार्यालय की ओर से चार कर्मचारी और पुलिस की टीम की मौजूदगी में यहां पर कार्य होगा।
भीड़ को कम करने के लिए शिफ्ट की थी मंडी :
बंद के कारण सब्जी मंडी में लोगों की अधिक भीड़ जुटने लगी थी। जिस कारण मंडी को चंदाना गेट पर शिफ्ट किया गया था। इस दौरान यहां पर भी केवल थोक विक्रेताओं को थोक में सब्जी बेचने की अनुमति दी गई थी। यहां रिटेल में कोई सब्जी नहीं बेच सकता था। उसके बावजूद यहां पर लोगों की अधिक भीड़ लगने लगी थी। इसके बाद अब दोबारा नई सब्जी मंडी में ही मंडी स्थापित करने का फैसला लिया गया है। यहां पर भी आम लोगों को सब्जी लेने की अनुमति नहीं दी गई है।
सुबह पुलिस ने पहुंच संभाला मोर्चा
मंडी में भीड़ को काबू करने के लिए शुक्रवार सुबह सिटी थाना के पुलिसकर्मियों की ओर से यहां पर मोर्चा संभाला गया। सुबह के समय पुलिस की मौजूदगी में मंडी का कार्य हुआ। सिटी थाना प्रभारी डॉ. नन्ही देवी ने बताया कि भीड़ को काबू करने के लिए अब प्रतिदिन पुलिस की मौजूदगी में सब्जी मंडी में कार्य होगा।
प्रशासन ने लिया है फैसला
मार्केट कमेटी सचिव दीपक ग्रोवर ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से चंदाना गेट पर लगाई जाने वाली अस्थायी सब्जी मंडी को हटाने का फैसला लिया गया है।