नीरज चोपड़ा ने जीता स्वर्ण तो चार से बढ़कर आठ हो गई खिलाड़ियों की संख्या
टोक्यो ओलिपिक में नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक स्पर्धा में देश को स्वर्ण
जागरण संवाददाता, कैथल : टोक्यो ओलिपिक में नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक स्पर्धा में देश को स्वर्ण पदक दिलवाया था। उसके बाद से ही भाला फेंक के खिलाड़ियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। चीका में कोच सतनाम सिंह की देखरेख में एथलेटिक्स का खेल सेंटर चल रहा है। विभिन्न खेलों के करीब 200 खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। पहले उनके पास भाला फेंक के चार ही खिलाड़ी आते थे। अब खिलाड़ियों की संख्या बढ़कर आठ तक पहुंच चुकी है। इस खेल को भी पहचान मिल रही है। जिले में भाला फेंक का सेंटर मात्र चीका में ही चल रहा है। सभी खिलाड़ी कोच सतनाम सिंह के पास ही अभ्यास करते हैं। इनमें से दो खिलाड़ी पैरा भाला फेंक के राष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। खेल विभाग की तरफ से खिलाड़ियों को 15 भाले दिए हुए हैं, जिनसे ये खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। इनमें गांव नौच निवासी खिलाड़ी विक्रम और खिलाड़ी प्रिस राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं। खिलाड़ी विक्रम ने मार्च 2021 में बेंगलुरु में हुई राष्ट्रीय पैरा भाला फेंक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया था। एथलेटिक्स कोच सतनाम सिंह ने बताया कि भाला फेंक खेल के लिए अब खिलाड़ियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। खिलाड़ी किसी भी खेल में अगर देश का नाम रोशन करता है तो उस खेल के प्रति युवाओं की सोच बदल जाती है। अब धीरे-धीरे भाला फेंक के खिलाड़ी बढ़ रहे हैं।