विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं : नायब सैनी
सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को पूरे प्रदेश में मिले जनसमर्थन से स्पष्ट है कि प्रदेश में भाजपा 75 प्लस सीटें जीतकर फिर से सरकार बनाने जा रही है।
संवाद सहयोगी, पूंडरी: सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को पूरे प्रदेश में मिले जनसमर्थन से स्पष्ट है कि प्रदेश में भाजपा 75 प्लस सीटें जीतकर फिर से सरकार बनाने जा रही है। सांसद सैनी शनिवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने पार्टी द्वारा चलाए जा रहे महासंपर्क अभियान के तहत पूंडरी शहर में घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं की प्रचार सामग्री वितरित की तथा लोगों को सरकार द्वारा 5 वर्ष के दौरान करवाए गए विकास कार्य एवं जन कल्याणकारी नीतियों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आज विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वो इधर-उधर की बातें करके लोगों को गुमराह करने में लगा हुआ है। सुरजेवाला द्वारा मुख्यमंत्री को अहंकार ग्रस्त कहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तो अहंकार ग्रस्त नहीं है, उन्होंने तो पिछले 5 सालों में लो प्रोफाइल राजनीति की है, लेकिन सुरजेवाला अपना ख्याल जरूर कर ले उनका बिस्तरा कैथल से गोल होने वाला है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की मनोहर सरकार ने जिस तरह सबका साथ-सबका विकास के मूल मंत्र को सार्थक करते हुए हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया है, सरकारी नौकरियों में युवाओं को पारदर्शिता के आधार पर रोजगार देकर व तबादला नीति में बदलाव करके आम जन का दिल जीतने का काम किया है। इस मौके पर उनके साथ स्थानीय विधायक प्रो.दिनेश कौशिक, भाजपा के जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर, रणधीर गोलन, सुभाष हजवाना, मुखत्यार साकरा, हाल ही भाजपा में शामिल हुए भाग सिंह आर्य, सुभाष मूंदड़ी, अनिता चौधरी, कृष्ण पिलनी, मोनू खुराना, जयपाल सैनी मौजूद थे। बाक्स-
महासपंर्क अभियान में दिखे सभी टिकटार्थी-
महासंपर्क अभियान में भाजपा से टिकट मांगने वाले सभी चेहरे नजर आये और संपर्क अभियान में सांसद के साथ उन्होंने लोगों से भाजपा के लिए प्रचार भी किया। हालांकि पैदल करने वाले इस प्रचार अभियान में सभी टिकटाथियों की गाड़ियों भी प्रचार अभियान के पीछे-पीछे चलती रही, जिस कारण सड़क की एक साइड पूरी तरह बंद रही।
सांसद समय पर तो टिकटार्थी पहुंचे बाद में
सांसद नायब तो अपने निर्धारित समय 12 बजे से पांच मिनट पहले रेस्ट हाऊस पहुंच गए, लेकिन टिकट की दौड़ में शामिल नेता 12 बजकर 30 मिनट तक पहुंचे। करीब एक बजे पत्रकारवार्ता के बाद जब महासंपर्क अभियान शुरू हुआ तो नेताओं में एक दूसरे से पहले दुकानों में घुसने की होड़ सी लगी रही।
टिकट सूची सिर्फ अमित शाह के पास
पत्रकारों ने जब सांसद से पूछा कि टिकट की सूची के बारे में पता होगा हमें बता दो, तो सांसद ने मुस्कुराते हुए उत्तर दिया कि टिकट सूची के बारे में केवल अमित शाह ही बता सकते है, उन्हें इस बारे कोई जानकारी नहीं।