बेहतर पराली प्रबंधन के लिए मन की बात में गूंजा किसान विरेंद्र यादव का नाम : डीसी
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यक्रम मन की बात में जिला कैथल के गांव फर्शमाजरा के प्रगतिशील किसान विरेंद्र यादव का पराली प्रबंधन की दिशा में किए गए कार्यों का जिक्र किया।
जागरण संवाददाता, कैथल : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यक्रम मन की बात में जिला कैथल के गांव फर्शमाजरा के प्रगतिशील किसान विरेंद्र यादव का पराली प्रबंधन की दिशा में किए गए कार्यों का जिक्र किया। बता दें कि पर्यावरण संरक्षण में फसल अवशेष प्रबंधन एक महत्ती योजना है। इसके तहत सरकार द्वारा किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र मुहैया करवाए जाते हैं।
प्रगतिशील किसान विरेंद्र यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मन की बात में उनका जिक्र होने पर खुशी व्यक्त की और कहा कि देश में पराली प्रबंधन करके जहां इसे आय का बहुत बढ़ा जरिया बनाया जा सकता है, वहीं हम पर्यावरण संरक्षण करके नैतिक कर्तव्य का भी निर्वहन कर सकते हैं।
डीसी सुजान सिंह ने कहा कि फसल अवशेष प्रबंधन में जिला का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मन की बात कार्यक्रम में कहना बहुत बड़ी बात है। इस कार्यक्रम को करोड़ों लोग सुनते हैं। कृषि कार्यों में लगे सभी किसानों का फसल अवशेष प्रबंधन के लिए एक प्रेरणा भी मिली है कि विरेंद्र यादव की तरह वो भी इसे आय का जरिया बना सकते हैं और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपना योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा समय-समय पर जिला में किसान गोष्ठियों का आयोजन करके फसल अवशेष प्रबंधन के लिए जागरूक किया जाता है।
कृषि उपनिदेशक डॉ. कर्मचंद ने कहा कि जिला में फसल अवशेष प्रबंधन के लिए विशेष योजना चलाई गई है। इसके तहत किसानों को निरंतर जागरूक किया जा रहा है। किसानों को अनुदान पर प्रचुर मात्रा में कृषि यंत्र देने की व्यवस्था निरंतर जारी है।