जल्द पशु पकड़ने का काम शुरू करेगी नगर परिषद
नगर परिषद की ओर से जल्द ही शहर से बेसहारा पशुओं को पकड़ने का कार्य शुरू किया जाएगा। पशु पकड़ने के लिए नप ने गोहाना की एजेंसी से संपर्क किया है।
जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद की ओर से जल्द ही शहर से बेसहारा पशुओं को पकड़ने का कार्य शुरू किया जाएगा। पशु पकड़ने के लिए नप ने गोहाना की एजेंसी से संपर्क किया है। एजेंसी को काम देने के लिए कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। एजेंसी ने दो साल पहले भी पशुओं को पकड़ कर गोशाला पहुंचाया था। नंदीशाला में 25 लाख रुपये की लागत से शेड का निर्माण कार्य किया जा रहा है। जल्द ही शेड बनकर तैयार हो जाएगा। शेड बनते ही पशुओं को पकड़ने का कार्य शुरू हो जाएगा। पहले चरण में 200 पशुओं को पकड़कर नंदीशाला में छोड़ा जाएगा। उसके बाद शहर के सभी गोशाला संचालकों से संपर्क किया जाएगा। उन्हें भी जरूरत के हिसाब से पशु लेने के लिए राजी किया जाएगा। अगर गोशाला संचालक पशु लेने के लिए सहमत हो जाते हैं तो दोबारा से पशुओं को पकड़ने का कार्य किया जाएगा। एजेंसी की ओर से जो पशु पकड़े जाएंगे उन पर टैग लगाए जाएंगे। शहर में करीब 700 बेसहारा पशु हैं, जिनके के कारण सड़क हादसे बढ़ रहे हैं।
जल्द पूरा होगा शेड का निर्माण
पशु पकड़ने वाली एजेंसी से संपर्क किया जा चुका है। नंदीशाला में शेड निर्माण भी जल्द ही पूरा हो जाएगा। शेड बनते ही पशुओं को पकड़ने का कार्य शुरू हो जाएगा।
- अशोक कुमार, ईओ नगर परिषद।