शहर में जल्द शुरू होगा बेसहारा पशुओं को पकड़ने का अभियान
जागरण संवाददाता कैथल शहर में लगातार बेसहारा पशुओं की समस्या बढ़ रही है और कालोनि
जागरण संवाददाता, कैथल : शहर में लगातार बेसहारा पशुओं की समस्या बढ़ रही है और कालोनियों में पशुओं का झुंड डेरा जमाया बैठा रहता है। इससे वाहन चालक पशुओं से टकरा कर चोटिल हो रहे हैं। प्रशासन की ओर से इस समस्या का नियमित समाधान करने को लेकर प्रयास नहीं किया जा रहा है। शहर में करीब 700 पशु सड़कों पर हैं। सर्दी के मौसम में पशुओं के कारण हादसे बढ़ जाएंगे। पशु 15 से 20 की संख्या में सड़कों पर झुंड बना कर घूमते हैं।
तीन दिन पहले ही एडीसी सतबीर सिंह ने नप अधिकारियों को पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। अभियान में करीब 200 पशुओं को पकड़ने का लक्ष्य रखा गया है। पशुओं को पकड़कर नंदीशाला में भेजा जाएगा। नगरपरिषद ने गोहाना की एजेंसी को पशुओं को पकड़ने का वर्क ऑर्डर दिया हुआ है।
एक दिन के लिए अभियान भी चलाया गया था, लेकिन नंदीशाला पदाधिकारियों ने पशु लेने के लिए 15 दिन का समय मांग लिया था। अब यह समय भी पूरा हो चुका है। इसके साथ ही नंदीशाला में शेड निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है, जिससे की नंदीशाला में बेसहारा पशुओं को रखने की क्षमता में बढ़ोतरी होगी।
मंगलवार को नगरपरिषद के अधिकारी नंदीशाला पदाधिकारियों से बातचीत करेंगे और इसके बाद पशुओं को पकड़ने का अभियान शुरू किया जाएगा। नगर परिषद के सचिव मोहन लाल ने बताया कि नंदीशाला पदाधिकारियों से बातचीत के बाद शहर से जल्द ही बेसहारा पशुओं को पकड़ा जाएगा। इसके बाद पशुओं को पकड़कर नंदीशाला में छोड़ा जाएगा।