महिला कॉलेज न होने से छात्राओं की शिक्षा हो रही प्रभावित
नगर के लोग लंबे समय से महिला कॉलेज बनवाने की मांग कर रहे हैं। कई सरकारें आईं और गई, लेकिन किसी भी सरकार ने इसकी पहल नहीं की।
संवाद सहयोगी, राजौंद : नगर के लोग लंबे समय से महिला कॉलेज बनवाने की मांग कर रहे हैं। कई सरकारें आईं और गई, लेकिन किसी भी सरकार ने इसकी पहल नहीं की। नगर की लड़कियों को महिला कॉलेज न होने के कारण उच्च शिक्षा से वंचित रहना पड़ रहा है। नगर में सीनियर सेकेंडरी तक का स्कूल तो है, लेकिन कॉलेज का निर्माण नहीं हो सका। लड़कियों के लिए कॉलेज न होने के कारण उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाना पड़ता है। अभिभावकों को लड़कियों को बाहर भेजने से भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। नगर से प्रतिदिन भारी संख्या में लड़कियां कैथल, पूंडरी, असंध में उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए जाती है। यातायात की कमी का भी सामना करना पड़ता है। सर्दी के मौसम में लड़कियों के लिए 30 किलोमीटर दूर जाकर उच्च शिक्षा ग्रहण करना ओर भी मुश्किल होता है। अभिभावक रमेश, पप्पू, राजकुमार, राजेश, राजेंद्र, कृष्ण, रामफल, विनोद, रामभगत हरित, भारत भूषण ने बताया कि महिला कॉलेज न होने से परेशानी हो उठानी पड़ रही है। अगर नगर में एक महिला कॉलेज बना दिया जाए तो लड़कियों को उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। लड़कियों को बाहर तो भेजा जाता है, लेकिन वापस लौटने तक डर भी बना रहता है। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द नगर में एक महिला कॉलेज का निर्माण कार्य किया जाए। ---------