डेंगू के डंक को रोकने के लिए एक जुलाई से घर-घर सर्वे करेगा स्वास्थ्य विभाग
कोरोना महामारी व मलेरिया के साथ-साथ अब डेंगू के डंक को रोकने के लिए विभाग की ओर से डोर टू डोर सर्वे कराया जाएगा।
जागरण संवाददाता, कैथल : कोरोना महामारी व मलेरिया के साथ-साथ अब डेंगू के डंक को रोकने के लिए भी विभाग अभियान चलाएगा। एक जुलाई से इसकी शुरूआत होगी। घर-घर जाकर टीमें सर्वे करेंगी। लोगों को डेंगू से बचाव को लेकर जागरूक किया जाएगा। जहां पिछले साल केस मिले थे, उस क्षेत्र में लोगों को स्क्रीनिग भी की जाएंगी। घरों के बाहर खड़े पानी, घरों के अंदर रखे बर्तन, छतों पर रखा सामान भी देखा जाएगा। अगर लारवा मिला तो दवाई डालकर नष्ट किया जाएगा। डेंगू से बचाव व लक्षण के बारे में लोगों को जानकारी भी दी जाएगी। कैसे इसके डंक को रोका जा सकता है। पूरे प्रदेश में इसी दिन इस अभियान की शुरूआत हो रही है। पूरे माह यह चलेगा। पिछले साल जिले में 114 के करीब डेंगू के केस मिले थे। सर्वे के लिए आशा वर्कर, हेल्थ वर्कर, सक्षम युवाओं व आंगनबाड़ी वर्करों का भी सहयोग लिया जाएगा। इस तरह से रहा डेंगू मरीजों को आंकड़ा
वर्ष केस
2015 275
2016 421
2017 157
2018 31
2019 00
2020 114
इस तरह से मिले मलेरिया के केस
वर्ष केस
2015 31
2016 16
2017 09
नोट: 2018 से अब तक मलेरिया का कोई केस सामने नहीं आया है। चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
सिविल सर्जन डा. शैलेंद्र ममगाईं शैली ने बताया कि कोरोना महामारी के साथ-साथ मलेरिया व डेंगू से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जाएगा। एक जुलाई से लेकर 31 जुलाई तक घर-घर जाकर स्वास्थ्य विभाग की टीमें सर्वे करेंगी। जिस व्यक्ति को पहले डेंगू हुआ है, या अब लक्षण हैं तो उसकी स्क्रीनिग की जाएगी। लोगों को डेंगू से बचाव व लक्षण के बारे में बताया जाएगा। इस अभियान के दौरान फोगिग भी करवाई जाएगी। लोगों से अपील है कि डेंगू को लेकर जागरूकता बरते। इस बीमारी से संबंधित अगर लक्षण नजर आते हैं तो सिविल अस्पताल में पहुंचकर जांच करवाएं। निशुल्क जांच होगी। घरों के बाहर जमा बरसाती पानी में काला तेल डाल दें, या मिट्टी डालकर गड्ढे को बंद कर दें। घरों के अंदर रखे पानी के बर्तनों की नियमित रूप से सफाई करें। सर्वे करने वाली टीमों को ट्रेनिग भी दी जाएगी।