सरकार जानबूझकर किसानों से टकराव कर रही है : कश्मीर सिंह
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अखिल भारतीय किसान सभा व खेती बचाओ-देश बचाओ संघर्ष समिति गुहला द्वारा रिलायंस पेट्रोल पंप चीका पर धरना दिया।
संवाद सहयोगी, गुहला-चीका: संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अखिल भारतीय किसान सभा व खेती बचाओ-देश बचाओ संघर्ष समिति गुहला द्वारा रिलायंस पेट्रोल पंप चीका पर धरना दिया। धरने की अध्यक्षता कामरेड कश्मीर सिंह ने की। मंच संचालन एडवोकेट सुखचैन सिंह ने किया। कश्मीर सिंह, राजबीर चौधरी, एडवोकेट सुखचैन सिंह, एडवोकेट कृष्ण सीड़ा व बलविद्र सिंह ने कहा कि सरकार किसान के साथ अन्याय कर रही है। कश्मीर सिंह ने कहा कि सरकार जानबूझकर किसानों से टकराव कर रही है। किसान सरकार की साजिश को समझते है और वे भाजपा-जजपा के मंत्रियों के कार्यक्रम का विरोध करेंगे, लेकिन उनका विरोध शांतिपूर्ण ढंग से होगा और अनावश्यक टकराव को रोका जाएगा। राजबीर चौधरी ने बताया कि 13 अप्रैल को जलियांवाला बाग के शहीदों को याद करते हुए और 14 अप्रैल को भीमराव अंबेडकर की जयंती पर बढ़चढ़ कर हिस्सा लेंगे। इस मौके पर कामरेड कुलदीप सिंह, अमनदीप सिंह, हेडमास्टर सज्जन सिंह, जसपाल सिंह, मलकीत सिंह उपस्थित थे।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार वजनबद्ध : हजवाणा
संवाद सहयोगी, पूंडरी: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष हजवाणा ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने लिए वचनबद्ध है। वे अनाज मंडी में कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत कर रहे थे। हजवाणा ने कहा कि आज केंद्र सरकार की कृषि नीतियों के खिलाफ विपक्ष के लोग किसानों को गुमराह करके सस्ती राजनीति कर रहे हैं। इससे सीधा-सीधा नुकसान किसान का हो रहा है। सरकार देश को डिजिटल इंडिया बनाने पर लगी हुई है। जिसका परिणाम ये है कि जो पूर्व की सरकार में हर विभाग में बगैर पैसों के कोई काम नहीं होता था, वो आज ऑनलाइन हो रहे हैं।इस मौके पर गुरनाम जाजनपुर, ऋषिपाल फतेहपुर, सुमेरचंद, सुनील पाई, चेतन वालिया, राकेश कुमार, बिट्टू वालिया, दयानंद, करनैल सिंह व पिरथी भी मौजूद थे।