रात की सफाई का नया टेंडर लगाने की अनुमति के लिए निदेशालय को भेजा पत्र
नगर परिषद (नप) की तरफ से हर साल शहर में रात को सफाई करने के लिए ठेका दिया जाता है। करीब तीन महीने पहले कर्मचारियों के विरोध के बाद ठेका रद कर दिया गया था।
जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद (नप) की तरफ से हर साल शहर में रात को सफाई करने के लिए ठेका दिया जाता है। करीब तीन महीने पहले कर्मचारियों के विरोध के बाद ठेका रद कर दिया गया था। ठेके से संबंधित नया टेंडर लगाने की अनुमति लेने के लिए नप की तरफ से शहरी स्थानीय निकाय विभाग को पत्र लिखा गया है।
इस ठेके के तहत करीब 65 सफाई कर्मचारियों को रोजगार मिला हुआ था। महीने में करीब साढ़े पांच लाख रुपये खर्च किए जाते थे। नया टेंडर लगाने के लिए सफाई कर्मचारी कई बार नप अधिकारियों से मिल चुके हैं और प्रदर्शन कर चुके हैं। मात्र चार महीने तक रात की सफाई का ठेका चला था। ठेकेदार ने 32 कर्मचारियों को लगाया हुआ था, जबकि सफाई कर्मचारी यूनियन की मांग थी कि 65 कर्मचारियों को काम पर लगाया जाए। कर्मचारियों के विरोध करने के बाद नप ने टेंडर प्रक्रिया रद कर दी थी।
बॉक्स : यहां-यहां होती थी रात को सफाई
कर्मचारी रात को सात बजे से 11 बजे तक सफाई करते थे। जिस एरिया में डोर टू डोर कचरा उठाने वाले कर्मचारी नहीं जाते थे, वहां इन कर्मचारियों से काम करवाया जाता था। कर्मचारी छात्रावास रोड, खुराना रोड, नरवानियां बिल्डिंग, ढांड रोड, अंबाला रोड, करनाल रोड बाइपास, मुख्य बाजार, रेलवे गेट, पुराना बस स्टैंड के एरिया में साफ-सफाई करते थे।
ठेका रद होने से नहीं हो रहा रात की सफाई का कार्य
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बलबीर सिंह ने बताया कि रात की सफाई का कार्य ठेका रद होने के कारण नहीं हो रहा है। नया टेंडर लगाने को लेकर निदेशालय को पत्र भेजकर अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।