जिले के 39 में से पांच युवाओं ने किया ग्रेडेशन बनवाने के लिए आवेदन
सरकार की तरफ से कुछ दिन पहले 2018 की ग्रुप डी की भर्ती को लेकर हरियाणा के 657 युवाओं की प्रतीक्षा सूची जारी की गई थी। इन युवाओं को 31 अक्टूबर तक 25 मई 2018 की नई खेल नीति के हिसाब से अपना ग्रेडेशन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन करना है।
जागरण संवाददाता, कैथल : सरकार की तरफ से कुछ दिन पहले 2018 की ग्रुप डी की भर्ती को लेकर हरियाणा के 657 युवाओं की प्रतीक्षा सूची जारी की गई थी। इन युवाओं को 31 अक्टूबर तक 25 मई 2018 की नई खेल नीति के हिसाब से अपना ग्रेडेशन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन करना है। इस सूची में कैथल के 39 युवा शामिल हैं। इनमें से पांच युवाओं ने ही नए ग्रेडेशन प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर विभाग के पास आवेदन किया है। विभाग की तरफ से सभी युवाओं को सूचित किया जा चुका है। 12 युवा ऐसे हैं, जिन्होंने पहले ही नई खेल नीति के हिसाब से प्रमाण पत्र बनवाए हुए हैं। जिन युवाओं के आवेदन आए हुए हैं, जिला स्तर पर उनकी जांच शुरू की जा चुकी है। युवाओं ने जो खेल प्रमाण पत्र विभाग के पास जमा करवाए हैं उनकी वेरिफिकेशन के लिए संबंधित एसोसिएशन को लिखा जा रहा है। वेरिफिकेशन के बाद मंडल स्तर पर ग्रेडेशन प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। जो युवा तय समय में अपना प्रमाण पत्र बनवा लेंगे उन्हें नौकरी मिल जाएगी। बता दें कि ग्रेडेशन को लेकर करीब तीन साल से विवाद चला हुआ है। कई खेलों के फर्जी प्रमाण पत्र बनवाने के मामले सामने आने के बाद इन्हें मंडल स्तर पर बनाने का फैसला लिया गया था। इससे पहले जिला स्तर पर ही बनाकर जारी कर दिए जाते थे।
वर्जन
ग्रेडेशन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए युवा आवेदन कर रहे हैं। आवेदनों की पूरी जांच करने के बाद ही प्रमाण पत्र मंडल स्तर पर बनवाकर जारी किए जाएंगे। जो खिलाड़ी नई खेल नीति को कवर करते होंगे, उन्हें ही प्रमाण पत्र बनाकर दिए जाएंगे।
सतविद्र गिल, जिला खेल अधिकारी।