लॉकडाउन के बाद 15 खिलाड़ियों ने बनवाए ग्रेडेशन सर्टिफिकेट
जिला खेल विभाग की ओर से करीब 20 दिन पहले ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाने का कार्य शुरू किया गया था। अब तक 15 खिलाड़ियों के डी ग्रेड के ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाए जा चुके हैं।
जागरण संवाददाता, कैथल : जिला खेल विभाग की ओर से करीब 20 दिन पहले ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाने का कार्य शुरू किया गया था। अब तक 15 खिलाड़ियों के डी ग्रेड के ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाए जा चुके हैं। कोरोना के कारण करीब चार महीने तक ग्रेडेशन सर्टिफिकेट नहीं बन पाए थे। अब खिलाड़ी सर्टिफिकेट बनवाने के लिए अंबाला रोड स्थित जिला खेल कार्यालय में पहुंच रहे हैं। खेल विभाग की ओर से स्थानीय स्तर पर सी और डी ग्रेड के ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाकर दिए जाते हैं। प्रशिक्षकों की कमेटी उनकी जांच करने के बाद ग्रेडेशन बनाकर दे रही है। खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए जिला स्तर पर सी और डी ग्रेड के सर्टिफिकेट बनाए जाते हैं। सी ग्रेड के सर्टिफिकेट के लिए सीनियर नेशनल में मेडल और डी ग्रेड के लिए नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेने पर, स्कूली नेशनल प्रतियोगिता में मेडल व खेल महाकुंभ स्टेट में मेडल होना जरूरी है। जो खिलाड़ी किसी भी कॉलेज में स्पोर्ट्स कोटा में दाखिला लेना चाहता है, इसके लिए यह सर्टिफिकेट बहुत जरूरी है। बिना सर्टिफिकेट खिलाड़ी को खेल कोटा में दाखिला नहीं मिलता। सरकारी नौकरियों में भी स्पोर्ट्स कोटा होता है। उसमें आवेदन करने के लिए भी खिलाड़ी के पास भर्ती की श्रेणी के हिसाब से ए, बी, सी या डी सर्टिफिकेट होना जरूरी है।
खिलाड़ियों के आवेदन लिए जा रहे
जिला खेल अधिकारी सतविद्र गिल ने बताया कि कोरोना के कारण विभाग की ओर से ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाने का कार्य बंद कर दिया गया था। अब दोबारा से खिलाड़ियों के आवेदन लिए जा रहे हैं। लॉकडाउन के बाद करीब 15 खिलाड़ियों को डी ग्रेड के ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाकर दिए जा चुके हैं।