जागरण संवाददाता, कैथल: फसल अवशेष प्रबंधन सरकार के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। इस वर्ष हालांकि जिले में अवशेष जलाने की घटनाएं पिछले साल की तुलना में 60 से 70 प्रतिशत तक कम हो गई हैं, लेकिन अभी भी लक्ष्य बड़ा है। अपने महत्वपूर्ण सरोकार के तहत दैनिक जागरण भी पर्यावरण संरक्षण की मुहिम छेड़े है, जिसे नाम दिया गया है पराली नहीं जलाएंगे, पर्यावरण को बचाएंगे।
इस अभियान के तहत वीरवार को जिला परिषद के हाल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में डीसी सुजान सिंह ने शिरकत की। उन्होंने किसानों को सम्मानित किया, जिन्होंने फसल अवशेष प्रबंधन में अहम भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में कुल 30 किसानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कृषि उपनिदेशक कर्मचंद ने की। मंच संचालन एडीओ सज्जन सिंह ने किया।
डीसी सुजान सिंह ने कहा कि दैनिक जागरण समाचार पत्र जन जागरूकता में अहम भूमिका निभा रहा है। पराली नहीं जलाने का संदेश देकर सामाजिक सरोकार को निभाया है। इसकी जितनी सराहना की जाए कम है। उन्होंने कहा कि दैनिक जागरण के बदौलत ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिले के गांव फर्शमाजरा के युवा किसान वीरेंद्र यादव का जिक्र मन की बात में किया। साथ ही उन्होंने कैथल जिला प्रशासन को भी इसके लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि न हमें यहीं नहीं रुकना है। लक्ष्य अभी बड़ा है। अगली बार जब सब एक साथ बैठें तो अवशेष जलाने की घटनाएं शून्य हों, ऐसा संकल्प सभी को लेना होगा।
डीसी ने बताया कि सरकार फसल अवशेष प्रबंधन पर विशेष रूप से ध्यान दे रही है। किसानों को इस मुहिम से जुड़ना चाहिए। किसानों को फसल अवशेष खेतों में जलाने नहीं चाहिए, बल्कि उनका प्रबंधन करना चाहिए। ऐसा करने से न केवल भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण प्रदूषित भी नहीं होगा। जमीन के अंदर पोषक तत्व मौजूद रहेंगे।
यह जरूरी है कि किसानों को फसल की कटाई के दौरान फसल अवशेष प्रबंधन के तहत अवशेषों को नहीं जलाना चाहिए, वह अवशेषों के माध्यम से वह अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। एपीओ के माध्यम से किसान जुड़कर एक अच्छी चीजें सीख सकते हैं।
वहीं किसानों ने भी अपनी राय रखी। किसानों का कहना था कि पराली प्रबंधन के लिए मिल स्थापित किए जाए ताकि किसान अपनी पराली की गांठें बनाकर वहां बेच सके।
कृषि उपनिदेशक डा.कर्मचंद ने बताया कि पराली अवशेष प्रबंधन की स्कीमों के माध्यम से किसान कृषि यंत्र अनुदान पर ले सकते हैं। 50 से 80 प्रतिशत तक मशीनों पर विभाग की तरफ से अनुदान दिया जा रहा है।
इस मौके पर एसडीओ सतीश नारा, सहायक कृषि यंत्र अभियंता पुरुषोत्तम, गुहला बीएओ जगबीर लांबा, बीएओ सुशील कुमार, एडीओ नरेंद्र कुमार अन्य स्टाफ मौजूद था।
बॉक्स :
इन किसानों को किया सम्मानित :
दैनिक जागरण के इस कार्यक्रम में जिला सरपंच एसोसिएशन के जिला प्रधान गज्जन सिंह गोबिदपुरा, प्रगतिशील किसान राजेश सिकंदर खेड़ी, गुरदयाल सिंह मलिकपुर, प्रगतिशील किसान नेशनल अवार्डी महेंद्र रसीना, राजेश रहेजा, कृषि वैज्ञानिक लक्ष्मण सिंह, कुतुबपुर सरपंच प्रतिनिधि सुनील संधू, अंग्रेज सिंह गुराया, मामराज, रामेश्वर, जगदीप सिंह, विरेंद्र यादव, सतबीर प्योदा, रामकुमार, सुभाष गुहणा, सुरेंद्र जाजनपुर, जोरा सिंह, कुलदीप, सतीश कुमार, जगदीप व राममेहर प्यौदा आदि को सम्मानित किया गया।
कैथल में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे
डाउनलोड करें हमारी नई एप और पायें
अपने शहर से जुड़ी हर जरुरी खबर!