तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के धरने रहे जारी
तीन कृषि कानूनों को लेकर किसानों का जींद रोड गुहला- चीका रिलायंस पेट्रोल पंप और टोल प्लाजा थाना पर धरना सोमवार को भी जारी रहा। किसान सुबह ही धरना स्थल पर पहुंच गए और कृषि कानूनों के खिलाफ नारेबाजी की।
जागरण संवाददाता, कैथल: तीन कृषि कानूनों को लेकर किसानों का जींद रोड, गुहला- चीका रिलायंस पेट्रोल पंप और टोल प्लाजा थाना पर धरना सोमवार को भी जारी रहा। किसान सुबह ही धरना स्थल पर पहुंच गए और कृषि कानूनों के खिलाफ नारेबाजी की।
किसानों का कहना है कि जब तक कृषि कानून वापस नहीं होते, तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान होशियार गिल ने कहा कि सरकार किसानों के भाईचारे को खत्म करना चाहती है, लेकिन किसान भाईचारे को खत्म नहीं होने देंगे। सरकार को तीनों कृषि कानून वापस लेने चाहिए। वहीं, प्रशासन भी मुस्तैदी सभी धरना स्थलों पर नजर बनाए हुए रहा।
महिला किसानों की संख्या बढ़ रही है धरना स्थलों पर
रोजाना धरना स्थलों पर महिला किसानों की संख्या बढ़ रही है। महिला किसान सुबह अपना रसोई का काम निपटा कर धरना स्थलों पर पहुंच रही है। शाम पांच बजे तक धरना स्थल पर महिलाएं बैठी रहती है।
दिल्ली के लिए रवाना हुए किसान
सोमवार को गांव किठाना, तारागढ़ सहित कई गांव से दिल्ली के लिए किसान गाड़ियों व ट्रैक्टरों में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। किसानों द्वारा ट्रैक्टर ट्रालियों में दूध व राशन सामग्री पहुंचाई जा रही है।
इंटरनेट सेवाएं रही ठप -
कृषि कानून के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए शुक्रवार शाम से सुरक्षा के मद्देनजर सभी इंटरनेट सेवा बंद है। इससे ऑनलाइन कारोबार ठप हो गया। मोबाइल व इंटरनेट बैंकिग, बिजली बिल, रेलवे टिकट बुकिग जैसी ऑनलाइन सरकारी सेवाएं प्रभावित होने से लोगों को खासी परेशानी भी झेलनी पड़ी। दुकानों पर ऑनलाइन लेनदेन प्रभावित होने से कैश काउंटर पर ग्राहकों को काफी परेशानी रही। लोग मोबाइल में सिर्फ इंटरनेट का सिग्नल देखते रहे। सरकारी कार्यालयों में भी नेटवर्क स्पीड कम रही।
पुलिस प्रशासन अलर्ट-
किसान आंदोलन को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट है। चौक चौराहों पर पुलिस तैनात रही। एसपी से लेकर पुलिस कर्मचारी सभी ड्यूटी पर मुस्तैदी से तैनात है। एसडीएम सभी धरना स्थलों पर निगरानी कर रहे है। डीएसपी, एसएचओ, थाना इंचार्ज, चौकी इंचार्ज सभी से घटना स्थलों की पल- पल की जानकारी एकत्रित करते रहे।
कृषि कानूनों के विरोध में सकसं के सदस्यों ने शहर में की नुक्कड़ सभाएं
जागरण संवाददाता, कैथल:
कृषि कानूनों के विरोध में सर्व कर्मचारी संघ(सकसं) के सदस्यों ने शहर में नुक्कड सभाएं की। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान जरनैल सिंह ने की। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला सचिव रामपाल शर्मा, केंद्रीय कमेटी सदस्य शिवचरण व जिला सहसचिव ओमपाल भाल ने कहा कि तीनों कृषि कानून खेती और किसानों को पूरी तरह बर्बाद कर देंगे। दो महीनों से दिल्ली की सीमाओं पर किसान धरना दिए हुए बैठे है, लेकिन सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। बिजली बिल 2020 के विरोध में बिजली कर्मचारियों की तीन फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल व नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर पालिका कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर राज्य मंत्री कमलेश ढांडा के आवास पर चार फरवरी को होने वाले झाड़ू प्रदर्शन का सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा पूर्ण सहयोग करेगा।