तेज आंधी में मोबाइल टावर का उपकरण, बड़ा हादसा टला
घनी आबादी के बीच लगे मोबाइल टावर से लोग भय के साए में जी रहे हैं। सोमवार रात आंधी और बारिश से मोबाइल टावर में लगे उपकरण का एक हिस्सा टूटकर मकान के आंगन में जा गिरा।
संवाद सहयोगी, कलायत : घनी आबादी के बीच लगे मोबाइल टावर से लोग भय के साए में जी रहे हैं। सोमवार रात आंधी और बारिश से मोबाइल टावर में लगे उपकरण का एक हिस्सा टूटकर मकान के आंगन में जा गिरा। इससे घर में रह रहे सदस्यों और आस-पास रह रहे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
मकान मालिक सुरेश, मनखान, भूली, जोगेंद्र, प्रवीन, अर्जुन ने बताया कि चंडीगढ़-हिसार मार्ग पर स्थित वार्ड 8 में आवासीय कालोनी में नामी कंपनी का टावर लगा हुआ है। तेज आंधी में कुछ गिरने की आवाज सुनकर जब वे घर से बाहर आए तो देखा कि मोबाइल टावर का उपकरण उनके आंगन में पड़ा था। गनीमत रहे कि उस वक्त आंगन में कोई सो नहीं रहा था। एक बड़ा हादसा होने से बच गया। लोगों का कहना है कि आवासीय कालोनी में लगे मोबाइल टावर को हटाने को लेकर वे करीब चार वर्ष पहले प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगा चुके है।
चार वर्ष बाद भी टावर और समस्या त्यों की त्यों बरकरार है। लोगों ने मोबाइल टावर के मेन गेट के दरवाजे पर ताला लटका दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रशासन उनकी समस्या का स्थाई समाधान नहीं करता ताला नहीं खेला जाएगा। लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों से टावर को आवासीय कालोनी से हटाने की गुहार लगाई है।