राज्यमंत्री के आदेशों के बाद भी मंडी में नहीं हो रही पीआर धान की खरीद
राज्यमंत्री कमलेश ढांडा के निर्देशों के बाद भी कलायत अनाज मंडी में पीआर धान की खरीद शुरू नहीं हुई है। खरीद का कार्य शुरू न करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई भी हो सकती है। पहले भी राज्यमंत्री राजौंद में एक अधिकारी को खरीद में कोताही करने पर निलंबित करने के आदेश दे चुकी हैं।
संवाद सहयोगी, कलायत : राज्यमंत्री कमलेश ढांडा के निर्देशों के बाद भी कलायत अनाज मंडी में पीआर धान की खरीद शुरू नहीं हुई है। खरीद का कार्य शुरू न करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई भी हो सकती है। पहले भी राज्यमंत्री राजौंद में एक अधिकारी को खरीद में कोताही करने पर निलंबित करने के आदेश दे चुकी हैं। अनाज मंडी में व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की ओर से की जा रही लापरवाही से किसानों में भारी रोष है। मंगलवार को अनाज मंडी में धान की खरीद सुचारू न होने, धान की पेमेंट न मिलने पर किसान और आढ़तियों ने सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बताया कि जब से पीआर धान की मंडी में आवक हुई है तब से खरीद एजेंसियों द्वारा धान खरीद के नाम पर परेशान किया जा रहा है। अधिकारी धान में नमी, साफ-सफाई न होने के तर्क देकर किसानों को परेशान कर रहे हैं। प्रशासन से धान की खरीद करवाने और बकाया पेमेंट दिलवाए जाने की मांग की है। 20 दिन बीत जाने के बाद भी किसानों को उनकी फसल पेमेंट नहीं हो पाई है।
नियमानुसार हो रही खरीद
हैफेड मैनेजर सुखदीप ने बताया कि कलायत अनाज मंडी में नियमानुसार धान की सफाई के लिए पंखे नहीं लगाए जा रहे हैं। कुछ किसानों द्वारा धान की ठीक से सफाई नहीं की गई है। किसानों की फसल को मार्केट कमेटी, हैफेड और आढ़तियों द्वारा पेमेंट की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी करनी होती है। इस प्रक्रिया में कोई खामी आने के कारण धान की फसल की राशी किसानों के खाते में नहीं पहुंच पाई है। जल्द ही कमी को दूर कर किसानों के खाते में राशी डाल दी जाएगी।